हरियाणा के खिलाड़ी का एयरपोर्ट पर हंगामा:सोशल मीडिया पर जता चुका था दूसरे देश से खेलने की इच्छा, पिता बोले… – Haryana Athlete Creates Scene At Airport Previously Expressed Desire Social Media To Play For Another Country
November 20, 2026

धावक कुनाल आंतिल
– फोटो : संवाद
विस्तार
दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 में अनधिकृत प्रवेश की कोशिश के मामले में पकड़ा गया राष्ट्रीय स्तर का धावक कुनाल आंतिल गिरफ्तारी से कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर अपनी अलग-अलग इच्छाएं और विचार साझा कर रहा था। 12 नवंबर को इंस्टाग्राम पर अपलोड किए गए एक वीडियो में उसने दूसरे देश से खेलने की इच्छा जताते हुए कहा था कि यदि कोई देश उसे स्वीकार करना चाहता है तो अपनी राय साझा करे। इसके अलावा वह सोशल मीडिया पर क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित करने के साथ प्रेरक संदेश भी साझा करता था। वहीं, उसके पिता जगमेंद्र के अनुसार, कुनाल पिछले कुछ समय से मानसिक दबाव में है। जमानत के बाद उसका मनोचिकित्सक की देखरेख में उपचार शुरू कराया गया है।
दूसरे देश से खेलने की जताई थी इच्छा
कुनाल ने 12 नवंबर को इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में कहा था कि यदि कोई देश उसे स्वीकार करना चाहता है तो अपनी राय बताए। उसने यह भी कहा था कि उसे खुद नहीं पता कि वह कौन है और उसे किसी से कुछ नहीं चाहिए। उसके पास जो कुछ भी है, वह दूसरों के साथ साझा करना चाहता है। इस वीडियो में उसने अपनी बेफिक्री का भी जिक्र किया था।
क्विज प्रतियोगिता के जरिये बांटता था इनाम
कुनाल सोशल मीडिया पर 24 घंटे की क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित करता था। इसमें सही जवाब देने वाले प्रतिभागी को एक हजार रुपये का इनाम देने की बात कहता था। उसके वीडियो में खेल के अलावा सामान्य ज्ञान और लोगों से संवाद करने की गतिविधियां भी दिखाई देती थीं। कुनाल के एक अन्य वीडियो में वह लोगों को प्रेरित करता नजर आया था। इसमें उसने सभी को माफ करने, अपनी गलतियों पर दुखी न होने और जिंदगी के हर पल को खुशी के साथ जीने की बात कही थी। हालांकि, सोशल मीडिया पर साझा किए गए इन विचारों से उसकी मानसिक स्थिति या एयरपोर्ट की घटना के कारणों के बारे में कोई निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता।
राष्ट्रीय स्तर पर हासिल कर चुका है पहचान
कुनाल सोनीपत के गांव दीपालपुर का रहने वाला है। वह 1500 मीटर और पांच किलोमीटर की दौड़ में कई पदक जीत चुका है। वर्ष 2024 में उसने मुरथल स्थित दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से बीपीएड की डिग्री हासिल की थी। इसके बाद एमपीएड में प्रवेश लिया। जुलाई में एनआईएस में चयन होने पर वह कोलकाता स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण के केंद्र में प्रशिक्षण के लिए चला गया था।
एयरपोर्ट पर गिरफ्तारी के बाद शुरू हुआ उपचार
परिजनों के अनुसार, कुनाल 15 नवंबर को साई सेंटर से अचानक चला गया था। 16 नवंबर के बाद उससे संपर्क नहीं हो पाया। परिवार ने तलाश शुरू की और उसकी बहन ने कोलकाता पुलिस को गुमशुदगी की शिकायत दी। 18 नवंबर को दिल्ली पुलिस से एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 में अनधिकृत प्रवेश की कोशिश के दौरान उसकी गिरफ्तारी की जानकारी मिली। पिता जगमेंद्र ने दिल्ली पहुंचकर उसकी जमानत करवाई और मनोचिकित्सक से उपचार शुरू कराया। अब परिवार उसकी सेहत में सुधार पर ध्यान दे रहा है।
