Tehri News:अशासकीय माध्यमिक शिक्षकों को तीन माह से नहीं मिला वेतन – Teachers In Non-government Secondary Schools Have Not Received Their Salaries For Three Months
नई टिहरी। अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ ने दो माह से वेतन नहीं मिलने पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि अशासकीय स्कूलों के प्रति सरकार का उदासीन रवैया बना हुआ है। वेतन भुगतान शीघ्र नहीं किया जाता है, तो शिक्षकों को धनतेरस के दिन धरने पर बैठने को मजबूर होना पड़ेगा।
संघ के प्रांतीय अध्यक्ष अनिल नौटियाल की अध्यक्षता में ऑनलाइन हुई बैठक में संघ ने अशासकीय जूनियर हाईस्कूलों का वेतन बजट अभी तक स्वीकृत नहीं करने पर नाराजगी जताई है। प्रांतीय अध्यक्ष और महामंत्री महादेव मैठाणी ने कहा कि अशासकीय जूनियर हाईस्कूलों के शिक्षकों को दो-तीन माह से वेतन नहीं मिल पाया है जबकि बजट की मांग एक माह पहले ही निदेशालय को भेज दी गई थी लेकिन शासन की लापरवाही के कारण वेतन बजट की पत्रावली शासन स्तर पर लंबित पड़ी हुई है।
संघ ने महानिदेशक शिक्षा को भी ज्ञापन देकर शीघ्र बजट जारी करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पांच नवंबर तक वेतन बजट स्वीकृत नहीं मिलती है, तो छह नवंबर को धनतेरस के दिन निदेशालय में धरना दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को वेतन नहीं मिलता है, तो उन्हें दीपावली का त्योहार मनाना मुश्किल हो जाएगा।
ऑन लाइन बैठक में संघ के प्रांतीय संरक्षक संजय बिजल्वाण, मंडलीय अध्यक्ष शिव सिंह रावत, मनोज रावत, कुमांऊ मंडल अध्यक्ष विशन सिंह मेहता, मंडल मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह मेहरा, जिलाध्यक्ष देहरादून दिनेश डोबरियाल, जिला मंत्री महावीर सिंह मेहता, गिरीश सेमवाल, टिहरी जिलाध्यक्ष शिव सिंह रावत, जिलामंत्री नवीन बडोनी, जिलाध्यक्ष चमोली नरेंद्र सिंह रावत, जिलामंत्री दीपचंद्र सती, जिलाध्यक्ष रुद्रप्रयाग बलवीर सिंह रौथाण, जिला मंत्री वीरेंद्र सिंह बर्तवाल, जिलाध्यक्ष पौड़ी देवेंद्र सिंह, ज़िला मंत्री मनीष भूषण सारंग, जिलाध्यक्ष अल्मोड़ा हीरा सिंह मेहरा ,प्रकाश खोलिया, अनिल भट्ट, हरिद्वार से दीपक मिश्रा शामिल हुए।
