शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
टिहरी

Tehri News:जन औषधि केंद्र शुरू न होने और बंदरों की समस्या पर भड़का नागरिक मंच – Citizen Forum Enraged Over Non-starting Of Jan Aushadhi Centre And Monkey Menace

November 1, 2026


नई टिहरी। जिला अस्पताल बौराड़ी में लंबे समय से बंद पड़े जन औषधि केंद्र का संचालन शुरू न होने और नगर पालिका क्षेत्र नई टिहरी में बंदरों की बढ़ती संख्या पर नागरिक मंच ने चिंता जताई है। बंदरों के लोगों पर झपटने और काटने की घटनाओं पर रोष व्यक्त करते हुए मंच ने उक्त दोनों समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की। मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। मंच ने बौराड़ी स्टेडियम के सुधारीकरण और विस्तारीकरण की मांग भी उठाई।

सामुदायिक मिलन केंद्र बौराड़ी में नागरिक मंच के अध्यक्ष सुंदरलाल उनियाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में नगर की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। बैठक में बौराड़ी में एआरटीओ कार्यालय के लिए चयनित भूमि पर निर्माण शुरू न होने और पेट्रोल पंप के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग से पानी की निकासी की समस्या का समाधान नहीं होने पर नाराजगी जताई।

मंच के अध्यक्ष सुंदरलाल ने कहा कि नागरिक मंच समय-समय पर नगर की समस्याओं को उठाकर शासन-प्रशासन को अवगत कराता रहा है, लेकिन मांगों पर कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि दो मुख्यमंत्रियों की घोषणा के बावजूद मेडिकल कॉलेज का मामला लंबित है, जबकि यह पूरे जिले के जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।

मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन से पूर्व और वर्तमान जनप्रतिनिधियों की दूरी बनाना दुर्भाग्यपूर्ण है। बैठक में टिहरी बांध प्रभावित बौराड़ी के 41 परिवारों को भवन निर्माण देने की मांग की गई। बैठक में मंच के संरक्षक सीपी डबराल, महामंत्री जगजीत नेगी, चतर सिंह चौहान, किशोरी लाल चमोली, उम्मेद रावत, नरोत्तम जखमोला, गुरुदत्त डोभाल, हरिप्रसाद विश्वकर्मा मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X