सोमवार, 16 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
टिहरी

Tehri News:जबरन विद्युत पोल लगाने का आरोप हटाने के लिए काट रहे चक्कर – Running Around To Remove The Allegation Of Forcibly Installing Electric Poles

November 16, 2026


नई टिहरी। कलेक्ट्रेट सभागार में सीडीओ वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। नरेंद्रनगर ब्लॉक के ग्राम जंगलेथ निवासी सुशीला देवी ने आपदा के दौरान मकान क्षतिग्रस्त होने की समस्या उठाई। उन्होंने सुरक्षित स्थान पर विस्थापित किए जाने की मांग की। सीडीओ ने एसडीएम नरेंद्रनगर को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जौनपुर ब्लॉक के ग्राम झकोगी निवासी जबर सिंह ने बंग्याल- ज्वारन मोटर मार्ग पर भौकियाल से उसत्याण तक दो किलोमीटर सड़क निर्माण की मांग की। उन्होंने बताया कि इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। सीडीओ ने लोनिवि चंबा को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। नई टिहरी के मॉडल हाउस निवासी सत्य प्रसाद नौटियाल ने बिजली का बिल अधिक आने की शिकायत करते हुए मीटर बदलने की मांग की।

थौलधार के ग्राम बौर निवासी आजाद सिंह ने पैत्रक भूमि पर जबरन विद्युत पोल लगाए जाने की शिकायत दर्ज की। उन्होंने बताया कि लाइनमैन कई दिनों से पोल हटाने की बात कह रहा है, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। सीडीओ ने ऊर्जा निगम के ईई को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सीडीओ ने कहा कि जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों के साथ ही पूर्व में दर्ज मामलों की नियमित समीक्षा की जा रही है। जिन शिकायतों का निस्तारण शेष है, उन्हें प्राथमिकता से हल करने के लिए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें इसके लिए अधिकारी शिकायतों के निस्तारण पर विशेष ध्यान दे। इस मौके पर एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी, सीएमओ डॉ. राम प्रकाश, डीडीओ मोहम्मद असलम आदि मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X