Tehri News:बासर के थलाधार में नहीं खुला पीएचसी – Phc Did Not Open In Thaladhar, Basar
घनसाली (टिहरी)। भिलंगना ब्लॉक के बासर पट्टी के थलाधार में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) खोलने की घोषणा दो मुख्यमंत्रियों का कार्यकाल पूरा होने के बाद भी धरातल पर नहीं उतर पाई है। स्थिति यह हैं कि अभी तक स्वास्थ्य केंद्र के भूमि का चयन भी नहीं हो पाया है। क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का अभाव होने के कारण बासर पट्टी के दर्जनों गांव के लोगों को बेलेश्वर की दूरी नापनी पड़ रही है। स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं होने से गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
भिलंगना ब्लॉक के बासर पट्टी में स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। क्षेत्र के दूरस्थ गांव पिंस्वाड़, मेड, मरवाड़ी और गेंवाली सहित कई गांव के लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य जांच के लिए भी 40 किमी की दूर सीएचसी बेलेश्वर जाना पड़ रहा है। ग्रामीणों की समस्या को देखते बासर पट्टी के थलाधार बासर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग लंबे समय से की जा रही है। क्षेत्र के लोगों की मांग पर मुख्यमंत्री ने अगस्त 2025 में थलाधार बासर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की घोषणा की थी। लेकिन अभी तक उस पर कोई कार्यवाही शुरू नहीं हो पाई है। स्थानीय लोगों का कहना है, कि थलाधार में पीएचसी खुलता है, तो बासर पट्टी के 32 गांवों के साथ ही बूढ़ाकेदार क्षेत्र के दर्जनों गांव और केमर पट्टी के कांगड़ा और इनवाण गांव के लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा। लोेगों का कहना है,स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधा नहीं होने के कारण गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर मरीजों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इनका क्या है कहना
थलाधार में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की प्रक्रिया शासन स्तर पर गतिमान है। पत्रावली कार्मिक विभाग में परीक्षण के लिए पहुंच चुकी है। भूमि दान देने के लिए गांव के लोग तैयार है। जिसका प्रस्ताव स्थानीय लोगों की ओर से सीएमओ कार्यालय को सौंपा जाना है।
-शक्ति लाल शाह, विधायक घनसाली
