रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
ऊधम सिंह नगर

Udham Singh Nagar News:गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर सीएम ने गुरुद्वारे में टेका मत्था – On The Occasion Of Guru Nanak Dev’s Birth Anniversary, The Chief Minister Paid Obeisance At The Gurdwara

November 24, 2026


खटीमा। श्री गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीलीभीत रोड स्थित गुरुद्वारे में मत्था टेका और प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी धार्मिक स्थलों के विकास, श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रदेश की समृद्ध आध्यात्मिक व सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

गुरुद्वारा गुरुनानक सिंह सभा के पदाधिकारियों ने सीएम धामी का स्वागत किया। सीएम ने सिख समाज को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव ने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से संपूर्ण मानव समाज को मानवता और परोपकार के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। गुरु नानक की शिक्षाएं समाज में आपसी प्रेम, एकता और समरसता को मजबूत करने के साथ ही जरूरतमंदों की सेवा करने का मार्ग दिखाती हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार सिख समाज की आस्था, धार्मिक विरासत और ऐतिहासिक तीर्थस्थलों के संरक्षण और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उत्तराखंड में भी श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। इसके तहत हेमकुंड साहिब में रोपवे निर्माण की महत्वाकांक्षी परियोजना और रीठा साहिब के समीप धर्मशाला निर्माण जैसे अहम कार्य किए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं से श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुगम होगी और प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलेगी। वहां पर गुरुद्वारा सभा के अध्यक्ष हरभजन सिंह खिंडा, अनिल बत्रा, रमनदीप सिंह सेठी, दायित्वधारी रंजीत सिंह नामधारी, जगजीत सिंह, हरदेव सिंह, बलविंदर सिंह, मनोज वाधवा, अशोक बत्रा, रोहित छाबड़ा, बाबूराम अरोरा, सोनिया सुनेजा, अनिल ग्रोवर आदि मौजूद थे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X