Udham Singh Nagar News:जहरीली हुई हवा…काशीपुर में 246, रुद्रपुर में 232 पहुंचा एक्यूआई – Air Turns Toxic… Aqi Reaches 246 In Kashipur And 232 In Rudrapur
काशीपुर। दीपावली पर हुई आतिशबाजी के बाद जिले की हवा जहरीली हो गई है। रुद्रपुर और काशीपुर के वातावरण में में प्रदूषण दोगुने से ज्यादा बढ़ गया है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार दीपावली से पहले दोनों शहरों का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) मॉडरेट श्रेणी में था जो पुअर श्रेणी तक पहुंच गया है। काशीपुर का एक्यूआई 246 और रुद्रपुर का एक्यूआई 232 दर्ज किया गया।
प्रदूषण का स्तर मापने के लिए काशीपुर के एलडी भट्ट अस्पताल और रुद्रपुर के नगर निगम में संयंत्र लगाए गए हैं। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी सोमपाल सिंह ने बताया कि तीन नवंबर को काशीपुर का एक्यूआई 121 जबकि रुद्रपुर का 115 दर्ज किया गया था। दीपावली के बाद प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है। वातावरण में प्रदूषण बढ़ने के कारण लोगों में श्वास संबंधी बीमारियों के बढ़ने की आशंका है। चिकित्सक लोगों को बाहर निकलने से बचने और मास्क पहनने की सलाह दे रहे हैं।
इनसेट……
रुद्रपुर में प्रदूषण का आंकड़ा –
1 नवंबर – पीएम 10 – 109.75, पीएम 2.5 – 54.50, नाइट्रोजन डाई ऑक्साइड – 20.66, सल्फर डाई ऑक्साइड – 14.20
2 नवंबर – पीएम 10 – 115.23, पीएम 2.5 – 61.70, नाइट्रोजन डाई ऑक्साइड – 24.63, सल्फर डाई ऑक्साइड – 16.40
3 नवंबर – पीएम 10 – 122.14, पीएम 2.5 – 64.40, नाइट्रोजन डाई ऑक्साइड – 24.17, सल्फर डाई ऑक्साइड – 15.89
08 नवंबर – पीएम 10 – 199.56, पीएम 2.5 – 99.70, नाइट्रोजन डाई ऑक्साइड – 30.78, सल्फर डाई ऑक्साइड – 40.87
इनसेट…..
काशीपुर में प्रदूषण का आंकड़ा
02 नवंबर – पीएम 10 – 121.17, पीएम 2.5 – 58.00, नाइट्रोजन डाई ऑक्साइड – 22.11, सल्फर डाई ऑक्साइड – 12.02
03 नवंबर – पीएम 10 – 125.32, पीएम 2.5 – 66.40, नाइट्रोजन डाई ऑक्साइड – 25.69, सल्फर डाई ऑक्साइड -18.04
08 नवंबर – पीएम 10 – 233.52, पीएम 2.5 – 103.80, नाइट्रोजन डाई ऑक्साइड – 29.62, सल्फर डाई ऑक्साइड – 46.70
कोट-
पुअर श्रेणी की हवा अस्थमा, फेफड़े और दिल के मरीजों के लिए खतरनाक है। बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को सुबह-शाम टहलने से बचना चाहिए। बाहर निकलने पर मास्क लगाएं और घर में खिड़की-दरवाजे बंद रखें। – डॉ. ईश्वर अग्रवाल, फिजिशियन
कोट-
आतिशबाजी के बाद एक्यूआई में बढ़ोतरी हुई है। विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। पराली जलाने, निर्माण कार्य और खुले में कूड़ा जलाने पर कार्रवाई की जा रही है। – डाॅ. एसपी सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक पीसीबी।
