Udham Singh Nagar News:पटाखा बाजार में खूब हुई बिक्री, देर रात तक उमड़ी भीड़ – Strong Sales In The Firecracker Market; Crowds Flocked There Until Late At Night
काशीपुर। दीपावली पर काशीपुर के पटाखा बाजार में खूब बिक्री हुई। सुबह से देर रात तक पटाखा बाजार में खरीदारों की भीड़ उमड़ी रही। बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी ने जमकर खरीदारी की। इस बार बाजार में ग्रीन पटाखों की मांग सबसे ज्यादा रही। अनार, चकरी, फुलझड़ी, रॉकेट और चटपटी जैसे आइटम लोगों की पहली पसंद बने।
दुकानदारों ने बताया कि इस बार छोटे पैकेट के साथ बड़े फैमिली पैक की भी खूब बिक्री हुई। लोग अपने बजट के हिसाब से पटाखे खरीदते नजर आए। कई परिवारों ने 500 से 5000 रुपये तक के पटाखे खरीदे। सुरक्षा के लिहाज से पटाखा बाजार में पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी तैनात रही। बाजार में पानी के टैंकर और रेत की व्यवस्था भी की गई थी। अच्छी बिक्री होने से इस बार पटाखा बाजार में दुकानदारों के चेहरे खिले नजर आए। दुकानदार भगवानदान, गौरव, रिंकू, मोनू आदि ने बताया कि पिछले साल के मुकाबले इस बार बिक्री काफी अच्छी रहने की उम्मीद है।
