गुरुवार, 19 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
ऊधम सिंह नगर

Udham Singh Nagar News:सितारगंज में कलश यात्रा के साथ तीन दिवसीय महोत्सव शुरू – Three-day Festival Begins In Sitarganj With A ‘kalash Yatra’ (procession With Ceremonial Pots)

November 19, 2026


सितारगंज। गांव बरुआबाग (सिसौना) स्थित मां वैष्णो दरबार, श्री खाटू श्याम एवं श्री सांवरिया सेठ धाम में बुधवार को तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ हुआ। पहले दिन ढोल-नगाड़ों और बाबा के जयकारों के बीच भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

कलश यात्रा मंदिर परिसर से शुरू होकर सिसौना होते हुए गांव मजरा स्थित शिव मंदिर पहुंची। यहां विधि-विधान से जल भरने के बाद यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस मंदिर परिसर पहुंची। इस दौरान पूरा क्षेत्र बाबा खाटू श्याम और सांवरिया सेठ के जयकारों से गूंज उठा। महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर यात्रा में सहभागिता की।

मुख्य आचार्य पंडित सूर्यकांत तिवारी के निर्देशन में पहले दिन पंचांग पूजन, मंडप प्रवेश, वेदी स्थापना और पृथ्वी पूजन के अनुष्ठान संपन्न कराए गए। आयोजक चेतन गिरी गोस्वामी ने बताया कि महोत्सव के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को वेदी पूजन, जलाधिवास, धान्याधिवास, शय्याधिवास, पुष्पाधिवास, विग्रहों का द्वादश स्नान, नेत्रोन्मीलन और न्यास विधि के अनुष्ठान होंगे।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार को निशान यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद बाबा खाटू श्याम और सांवरिया सेठ का गर्भगृह प्रवेश, प्राण प्रतिष्ठा, शिखर कलश पूजन, हवन, महाआरती और शृंगार दर्शन होंगे। शाम सात बजे से श्याम रसोई और रात्रि में जागरण संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा।

इस दौरान भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष रवि रस्तोगी, लवलेश चौहान, हरीश रस्तोगी, राधेश्याम गोयल, अमित राठी, पीयूष गर्ग, बिक्की गर्ग और रचित गोयल समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और श्रद्धालु मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X