शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
उधमपुर

Udhampur News:दीपों की रोशनी और आतिशबाजी से जगमगाई देविकानगरी, बाजारों में देर रात तक रही रौनक – Jammu Kashmir News

November 10, 2026


उधमपुर। देविकानगरी में रविवार को दीपावली का त्योहार पूरे हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। दीपावली के मौके पर शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में उत्सव का माहौल देखने को मिला। सुबह से शाम तक सड़कों पर वाहनों का भारी दबाव बना रहा।

बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़ ने त्योहार की रौनक को और बढ़ा दिया। गोल मार्केट, मुखर्जी बाजार, रामनगर चौक, सलाथिया चौक और आसपास के बाजारों में दिनभर लोगों की भारी चहल-पहल रही। कई स्थानों पर भीड़ इतनी अधिक रही कि पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया। दीपावली को लेकर बाजारों में सुबह से ही ग्राहकों का पहुंचना शुरू हो गया था। कोई घर की सजावट के लिए रंग-बिरंगी लाइटें और सजावटी सामान खरीदता नजर आया तो कोई पूजा सामग्री, मिठाइयां और त्योहार से जुड़ी अन्य वस्तुओं की खरीदारी में व्यस्त रहा। दुकानदारों ने भी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए अपनी दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया हुआ था। दिन चढ़ने के साथ बाजारों में भीड़ लगातार बढ़ती गई और देर शाम तक खरीदारी का सिलसिला जारी रहा। दुकानदारों के अनुसार इस बार दीपावली पर ग्राहकों की अच्छी आवाजाही रही और कारोबार भी अच्छा हुआ।

त्योहार के चलते बाजारों में बनी रौनक से दुकानदारों के चेहरों पर भी खुशी देखने को मिली। वहीं, शहर में बढ़ती भीड़ और वाहनों के दबाव के चलते यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती नजर आई। सुबह से लेकर शाम तक प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। दीपावली मनाने के लिए अपने घरों की ओर जाने वाले लोगों के साथ बाजारों में खरीदारी करने पहुंच रहे लोगों के वाहनों ने सड़कों पर दबाव और बढ़ा दिया। गोल मार्केट में भीड़ को देखते हुए चौपहिया वाहनों की एंट्री तक बंद करनी पड़ी ताकि बाजार में पैदल खरीदारी करने वाले लोगों को परेशानी न हो। शहर के प्रमुख बाजारों और चौक-चौराहों पर लोगों की भारी भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था बनाए रखना चुनौती बना रहा।

शाम ढलते ही घरों से लेकर दुकानों और बाजारों तक हर तरफ रोशनी ही रोशनी नजर आई। लोगों ने परिवार के साथ मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद बच्चों, युवाओं और परिवारों ने आतिशबाजी का आनंद लिया। रात होते ही शहर का आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा। अलग-अलग इलाकों में एक के बाद एक पटाखों की आवाज गूंजती रही और देर रात तक आतिशबाजी का सिलसिला चलता रहा। शहर के साथ ग्रामीण इलाकों में भी लोगों ने उत्साह के साथ दीपावली मनाई। बाजारों की रौनक, सड़कों पर उमड़ी भीड़, घरों में जगमगाते दीप और आसमान में हुई शानदार आतिशबाजी ने पूरी देविकानगरी को दीपावली के रंग में रंग दिया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X