शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
ऊना

Una News:दो बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया – Two Children Lose Both Their Parents

November 10, 2026


नारी (ऊना)। दिवाली की रात बदोली गांव के एक परिवार के लिए ऐसा अंधेरा लेकर आई, जिसकी भरपाई शायद कभी नहीं हो पाएगी। जिस घर में कुछ देर पहले तक त्योहार की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा है। ओंकार सिंह और उनकी पत्नी बीना देवी की मौत ने न केवल परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया, बल्कि उनके दो मासूम बच्चों के सिर से भी माता-पिता का साया सदा के लिए उठ गया। सात और 13 साल के इन बच्चों के लिए अब जिंदगी की सबसे बड़ी चुनौती मां-बाप के बिना आगे बढ़ना होगी।

मृतक ओंकार सिंह के पिता अजमेर सिंह की आंखों के सामने जवान बेटे और बहू की जिंदगी उजड़ गई। बेटे की मौत का गम और पोते-पोती के भविष्य की चिंता उनके चेहरे पर साफ झलक रही थी। परिजनों के मुताबिक, ओंकार सिंह घालुवाल में फर्नीचर की दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी पत्नी बीना देवी घर और बच्चों की जिम्मेदारी संभालती थीं। दोनों की मौत से परिवार का सहारा छिन गया है। घटना के बाद परिवार की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की मां सुषमा देवी बेटे और बहू को खोने के सदमे में बार-बार बेसुध हो रही हैं। बहन और अन्य रिश्तेदार भी खुद को संभाल नहीं पा रहे। घर में हर तरफ मातम का माहौल है। जिस आंगन में दिवाली की रात रोशनी और खुशियां थीं, वहां अब अपनों को खोने का दर्द है।

परिजनों का आरोप है कि ओंकार सिंह को बचाने के लिए बीना देवी गाड़ी के सामने आई थीं, लेकिन उन्हें भी कुचल दिया गया। इस घटना में अजमेर सिंह, सुषमा देवी और परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं। एक ही परिवार के दो लोगों की मौत और अन्य सदस्यों के घायल होने से पूरा परिवार सदमे में है। गांव में भी इस घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X