शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
ऊना

Una News:फर्जी जनरल पावर ऑफ अटॉर्नी बनाकर जमीन हड़पने का आरोप – Accusation Of Land Grabbing Through The Creation Of A Forged General Power Of Attorney

November 5, 2026


भरवाईं (ऊना)। पुलिस थाना चिंतपूर्णी में फर्जी जनरल पावर ऑफ अटॉर्नी (मुख्त्यारनामा आम) तैयार कर जमीन के बंटवारे और तबादले के माध्यम से कथित रूप से हड़पने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता मुख्त्यार चंद निवासी थनिकपुरा तहसील अंब ने अदालत में याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि मनोद कुमार निवासी डूहल बंगवाला ने उनके नाम से 16 जनवरी 2017 को एक फर्जी जनरल पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार की। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उक्त दस्तावेज पर किए गए हस्ताक्षर उनके असली हस्ताक्षर नहीं हैं और उन्होंने कभी भी आरोपी के पक्ष में कोई मुख्त्यारनामा तैयार नहीं करवाया था। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने कथित रूप से इस फर्जी दस्तावेज को नोटरी करवाकर असली के रूप में इस्तेमाल किया। इसके आधार पर मंडलायुक्त धर्मशाला के समक्ष धारा 54 के तहत याचिका दायर की गई तथा एक कथित फर्जी समझौता प्रस्तुत कर राजस्व अधिकारियों के माध्यम से शिकायतकर्ता की जमीन का तकसीम (बंटवारा) और तबादला करवाया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इस पूरी प्रक्रिया से उन्हें आर्थिक और संपत्ति संबंधी नुकसान हुआ जबकि आरोपी को अनुचित लाभ पहुंचा।

शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने इस मामले में 14 जून 2026 को पुलिस थाना चिंतपूर्णी में शिकायत दी थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ऊना को भी शिकायत सौंपी गई लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर दोबारा शिकायत की गई। आखिरकार उन्होंने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 175(3) के तहत अदालत का दरवाजा खटखटाया और एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की। अदालत में दायर शिकायत के आधार पर अब पुलिस थाना चिंतपूर्णी में एफआईआर दर्ज की गई है। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक अनुज कुमार को सौंपी गई है। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और न ही पुलिस ने कोई संपत्ति जब्त की है। मामले की जांच जारी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X