Uttarkashi News:आपदा और मौसम से किसानों-बागवानों की आजीविका पर संकट – Disasters And Weather Conditions Pose A Threat To The Livelihoods Of Farmers And Orchardists
अधिकतम मुआवजे की मांग, पूर्व विधायक ने कृषि मंत्री को भेजा पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
पुरोला। आपदा और प्रतिकूल मौसम की मार से नौगांव, पुरोला और मोरी क्षेत्र के किसानों एवं बागवानों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है। वर्षों की मेहनत से तैयार सेब के बगीचों समेत अन्य कृषि एवं बागवानी फसलों को हुए नुकसान ने किसानों के सामने आर्थिक चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। ऐसे में प्रभावित किसानों ने फसल नुकसान का आकलन कर अधिकतम मुआवजा, फसल बीमा की धनराशि और विशेष आर्थिक सहायता जल्द उपलब्ध कराने की मांग की।
इस संबंध में पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता मालचंद ने कृषि मंत्री को पत्र भेजकर नौगांव, पुरोला और मोरी विकासखंड के आपदा प्रभावित किसानों एवं बागवानों को पर्याप्त आर्थिक राहत देने का अनुरोध किया। कृषि मंत्री को भेजे पत्र में मालचंद ने कहा कि आपदा और प्रतिकूल मौसम के कारण क्षेत्र के विभिन्न गांवों में कृषि एवं बागवानी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। विशेष रूप से सेब सहित अन्य बागवानी फसलें प्रभावित हुई हैं। इससे किसानों और बागवानों की वर्षों की मेहनत पर पानी फिर गया है और उनकी आय का प्रमुख स्रोत प्रभावित हुआ है। ऐसे में सरकार को प्रभावित परिवारों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए संवेदनशीलता के साथ राहत पहुंचाने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। मालचंद ने कृषि मंत्री से प्रभावित क्षेत्रों में फसलों के नुकसान का उचित आकलन कर किसानों और बागवानों को यथासंभव अधिकतम मुआवजा देने की मांग की।
