Yamuna Nagar News:पश्चिमी यमुना नहर में डूबी महिला का नहीं लगा सुराग – No Trace Found Of Woman Who Drowned In Western Yamuna Canal
यमुनानगर। पश्चिमी यमुना नहर में कार्तिक स्नान के दौरान डूबी अमरपुरी कॉलोनी निवासी 55 वर्षीय ममता देवी का मंगलवार को तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग पाया। गोताखोर लगातार नहर के पानी में उतरकर महिला की तलाश कर रहे हैं। परिजन भी नहर के किनारों पर पहुंचकर उनके मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि 22 नवंबर की सुबह करीब चार बजे ममता देवी कार्तिक स्नान के लिए घर से निकली थीं। उनके साथ पड़ोस में रहने वाली एक महिला, दोनों बेटे और बहू भी थे। परिवार कार से ओपी जिंदल पार्क के साथ बने पश्चिमी यमुना नहर के घाट पर पहुंचा था। ममता के बड़े बेटे अमित ने बताया कि वह कार में ही बैठा रहा, जबकि उसका छोटा भाई, मां, भाभी और पड़ोस में रहने वाली महिला स्नान करने के लिए नहर में चले गए।
अमित के अनुसार नहर में स्नान करते समय अचानक उसकी मां का पैर फिसल गया और वह पानी में डूबने लगीं। यह देखकर छोटे भाई ने मां को पकड़कर बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण दोनों बहने लगे। मां और भाई को डूबता देखकर वह भी उन्हें बचाने के लिए दौड़ा।
उसने किसी तरह छोटे भाई का हाथ पकड़कर उसे बाहर निकाल लिया, लेकिन इस दौरान मां का हाथ छूट गया। देखते-ही-देखते ममता देवी पानी के तेज बहाव में बह गईं। घटना के बाद से ही परिवार के लोग उनकी तलाश में जुटे हैं। गोताखोरों की मदद से नहर में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। थाना शहर यमुनानगर प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि गोताखोरों की मदद से पश्चिमी यमुना नहर में महिला की तलाश करवाई जा रही है।
