Yamuna Nagar News:वार्ड नंबर 16 व 20 की दूर होंगी समस्याएं, खर्च होंगे 1.01 करोड़ रुपये – Problems In Ward Nos. 16 And 20 Will Be Resolved; Rs 1.01 Crore Will Be Spent
यमुनानगर। शहर के वार्ड नंबर 16 और 20 के निवासियों को लंबे समय से चली आ रही जलभराव और कच्ची गलियों की समस्या से जल्द राहत मिलने वाली है। नगर निगम की ओर से दोनों वार्डों में गलियों और नालियों का निर्माण करवाया जाएगा। इसके साथ ही बारिश के पानी की निकासी के लिए स्टॉर्म वाटर लाइन भी बिछाई जाएगी। दोनों वार्डों में विकास कार्यों पर करीब 1.01 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वार्ड नंबर 16 में 73.32 लाख रुपये और वार्ड नंबर 20 में 26.85 लाख रुपये की लागत से निर्माण कार्य करवाए जाएंगे। वार्ड नंबर 20 में होने वाले विकास कार्यों का महापौर वीरवार को शिलान्यास करेंगी।
वार्ड नंबर 16 में कच्ची गलियों और जलनिकासी की समस्या को दूर करने के लिए नगर निगम ने 73.32 लाख रुपये के विकास कार्यों की योजना बनाई है। इसके तहत गलियों और नालियों का निर्माण करवाया जाएगा। वहीं, स्टॉर्म वाटर लाइन बिछाई जाएगी, जिससे बारिश के दौरान सड़कों और गलियों में पानी जमा होने की समस्या से राहत मिलेगी। लोगों को उम्मीद है कि निर्माण पूरा होने के बाद आवागमन सुगम होगा और बारिश के दिनों में होने वाली परेशानी से छुटकारा मिलेगा। महापौर सुमन बहमनी ने कहा कि नगर निगम सभी वार्ड में समानता से विकास करवा रहा है। लोगों की मांग पर कार्य किए जा रहे हैं।
वार्ड 20 में 26.85 लाख रुपये से होगा निर्माण, महापौर करेंगी शिलान्यास
वार्ड नंबर 20 में भी गलियों और नालियों की स्थिति सुधारने के लिए 26.85 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। यहां भी जलभराव की समस्या के समाधान के लिए स्टॉर्म वाटर लाइन बिछाई जाएगी। महापौर वीरवार को इन विकास कार्यों का शिलान्यास करेंगी। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा। नगर निगम की इस पहल से वार्ड के लोगों को कच्ची गलियों, जलभराव और बारिश के दौरान होने वाली दिक्कतों से राहत मिलने की उम्मीद है।
