अमर उजाला की खबर का असर हुआ है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की भाठागांव से काठाडीह-दतरेंगा सड़क का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। दीपावली से एक पखवाड़े पूर्व यह सड़क बननी शुरू हो गई थी। अब पूरी तरह से सड़क बन चुकी है। इससे भाठागांव के व्यापारियों को काफी राहत मिली है। सड़क बन जाने से इस दीपावली में उनका कारोबार पिछले बार की तुलना में काफी बेहतर रहा। वहीं स्कूल, कॉलेज और कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय आने-जाने वाले शिक्षकों, प्रोफेसर और छात्रों के चेहरे में मुस्कान बिखर गई है।
अमर उजाला ने उठाया था यह मुद्दा
अमर उजाला ने भाठागांव से काठाडीह-दतरेंगा सड़क की दुर्दशा को प्रमुखता से उठाया था। इस ओर शासन-प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया था। इसके बाद इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू हुआ। बता दें कि यह सड़क काफी जर्जर और गड्ढ़ों में तब्दील हो गई थी। इस रोड पर लोग आने से कतराते थे। 20 महीने के बावजूद रायपुर नगर निगम भाठागांव से काठाडीह मोड़ तक करीब डेढ़ किलोमीटर तक सड़क नहीं बनवा पाया था। करीब साढ़े तीन करोड़ की यह सड़क अधूरी और जर्जर थी।