अशोकनगर:न्यायालय परिसर से बाइक चुराने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, 20 बाइकें बरामद; छह जिलों में फैला था नेटवर्क – A Notorious Thief Who Stole Bikes From The Court Premises Was Arrested By The Police; 20 Bikes Were Recovered
न्यायालय परिसर से अधिवक्ता की मोटरसाइकिल चोरी होने की घटना के कुछ ही दिनों में ही पुलिस ने ऐसे शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर लिया, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 20 लाख रुपये कीमत की 20 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
पूरे मामले की शुरुआत 29 अक्टूबर 2026 को हुई। तायड़े कॉलोनी निवासी अधिवक्ता रामनिवास रघुवंशी ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उन्होंने अपनी हीरो स्प्लेंडर बाइक न्यायालय परिसर में खड़ी की थी। कुछ देर बाद जब वे वापस आए, तो उनकी बाइक वहां से गायब थी। काफी तलाश करने के बाद भी बाइक नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई। न्यायालय परिसर जैसी सुरक्षित जगह से बाइक चोरी होने की घटना ने लोगों को हैरान कर दिया था। अधिवक्ताओं में भी इस घटना को लेकर नाराजगी थी।
ये भी पढ़ें- महिला आरक्षण से पहले कांग्रेस की तैयारी: 500 महिलाओं को चुनाव लड़ने की ट्रेनिंग देगी पार्टी,2 दिसंबर से शुरुआत
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तुरंत विशेष टीम का गठन किया। टीम को निर्देश दिए गए कि आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ा जाए। टीम ने सबसे पहले न्यायालय परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। घंटों तक फुटेज खंगाले गए। इसके बाद मुखबिरों से मिली जानकारी और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति का पता चला। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो वह टूट गया। उसने अपना नाम नख पिता पृथ्वीराज मीना (40), निवासी दीतलवाड़ा, थाना राघौगढ़, जिला गुना बताया।
पूछताछ में आरोपी ने जो खुलासा किया, उसे सुनकर पुलिस भी दंग रह गई। आरोपी ने बताया कि उसने सिर्फ अशोकनगर न्यायालय परिसर से ही नहीं, बल्कि राजस्थान, गुना, अशोकनगर, भोपाल, शिवपुरी और राजगढ़ में भी मोटरसाइकिल चोरी की हैं। आरोपी अकेले ही वारदात को अंजाम देता था। वह भीड़भाड़ वाली जगहों पर नजर रखता था। जहां भी उसे बाइक बिना लॉक या लापरवाही से खड़ी दिखती, वह उसे चुरा लेता था। चोरी के बाद वह बाइक को छिपाकर रख देता था और मौका मिलने पर उसे बेच देता था। पुलिस ने आरोपी को साथ लेकर अलग-अलग ठिकानों पर छापा मारा। उसकी निशानदेही पर अधिवक्ता की बाइक सहित कुल 20 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने सभी बाइकों को जब्त कर लिया है। अब पुलिस इन बाइकों के असली मालिकों का पता लगा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी काफी शातिर था। वह बाइक चोरी करने से पहले रेकी करता था। वह न्यायालय, अस्पताल, बस स्टैंड और बाजार जैसी जगहों पर घूमता था। वहां खड़ी बाइकों पर नजर रखता था। जैसे ही उसे मौका मिलता, वह बाइक का लॉक तोड़कर उसे लेकर फरार हो जाता था। चोरी की बाइक को वह अपने गांव के आसपास छिपा देता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान आरोपी से और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या आरोपी के साथ कोई और गैंग भी जुड़ा हुआ है। क्या चोरी की बाइक खरीदने वाला कोई गिरोह भी सक्रिय है।

20 लाख की मोटरसाइकिल जब्त
