अशोकनगर जिला अस्पताल में चूहों का आतंक:बिल्डिंग की नींव खोखली, फर्श धंसा; कैंटीन का फ्रिज भी नहीं बचा – Rats Wreak Havoc At The District Hospital, Leaving The Building’s Foundation Hollow, The Floor Sinking
अशोकनगर जिला अस्पताल, जहां मरीज अपनी सेहत सुधारने आते हैं, वहां इन दिनों एक अलग ही बीमारी ने कब्जा कर लिया है। ये बीमारी किसी वायरस की नहीं, बल्कि चूहों की है। अस्पताल परिसर में सैकड़ों चूहों ने ऐसा आतंक मचा रखा है कि अस्पताल की बिल्डिंग ही खतरे में आ गई है। फर्श धंस रहा है, पेवर्स ब्लॉक बैठ रहे हैं और दफ्तरों के अंदर तक चूहों ने सुरंगें बना ली हैं। मरीज, परिजन, डॉक्टर और कर्मचारी सभी इस चूहों के आतंक से परेशान हैं। अस्पताल प्रबंधन ने कई बार इनसे छुटकारा पाने की कोशिश की, लेकिन हर बार चूहे जीत गए और प्रबंधन हार गया।
अस्पताल परिसर में घूमने पर ऐसा लगता है जैसे जमीन के नीचे किसी ने पूरा शहर बसा दिया हो। चूहों ने जगह-जगह गहरे-गहरे बिल बना लिए हैं। इन बिलों की वजह से जमीन अंदर से पूरी तरह खोखली हो गई है। मुख्य परिसर में बिजली के खंभों के आसपास का फर्श धंसने लगा है। कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। देखने वाले को यह मामूली धंसाव लगता है, लेकिन असल में यह चूहों के बनाए सुरंगों के जाल का नतीजा है, जो धीरे-धीरे अस्पताल के भवनों की नींव को कमजोर कर रहा है। अगर समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया, तो आने वाले दिनों में अस्पताल की बिल्डिंग के लिए यह बड़ा खतरा बन सकता है।
ये भी पढ़ें- किसान आंदोलन: नेशनल हाईवे-44 पर चक्काजाम, पुलिस से झड़प; किसान नेताओं को बसों में भरकर प्रदर्शन स्थल से हटाया
अस्पताल में सबसे ज्यादा खराब स्थिति ट्रामा सेंटर के आसपास है। ट्रामा सेंटर के सामने मरीजों और उनके परिजनों के बैठने और खाना खाने के लिए बेंच लगाई गई थीं। वहां चूहों ने दर्जनों बिल बना दिए हैं। जमीन खोखली होने से वहां लगे पेवर्स ब्लॉक धंस गए हैं और टेढ़े-मेढ़े हो गए हैं। मरीजों को वहां बैठने में भी डर लगता है। ट्रामा बिल्डिंग के साइड वाले हिस्से में लोगों की आवाजाही कम रहती है। इसका फायदा उठाकर चूहों ने बिल्डिंग के ठीक नीचे की जमीन को ही खोखला कर दिया है। परिसर की सीसी रोड को खोदकर भी चूहों ने गहरे बिल बना डाले हैं।
ट्रामा सेंटर में आने वाले गंभीर मरीजों के परिजन बताते हैं कि रात के समय चूहे खुलेआम घूमते हैं। बेंच के नीचे से निकलकर वे खाने के सामान की तरफ भागते हैं। कई बार तो चूहे मरीजों के बिस्तर के पास तक पहुंच जाते हैं। चूहों का आतंक सिर्फ बाहर तक ही सीमित नहीं है। अब तो उन्होंने अस्पताल के अंदर के दफ्तरों में भी घुसपैठ कर ली है। सिविल सर्जन कार्यालय के भीतर भी चूहों ने बाहर से सुरंग खोदकर अंदर तक बिल बना लिया है। कैंटीन में तो हालत और भी खराब है। चूहों ने कैंटीन के फ्रिज की वायरिंग ही कुतर दी। इससे फ्रिज खराब हो गया और कैंटीन संचालक को काफी नुकसान हुआ। इसके अलावा अस्पताल के अन्य दफ्तरों में रखे कागज, फाइलें और सामान भी चूहे कुतर देते हैं। कर्मचारी बताते हैं कि सुबह दफ्तर खोलते ही चूहों की गंदगी और कुतरे हुए कागज मिलते हैं। कई बार तो कंप्यूटर की वायरिंग भी कुतर दी जाती है, जिससे काम में बाधा आती है।
अस्पताल प्रबंधन ने चूहों से छुटकारा पाने के लिए कई कोशिशें कीं। पहले अस्पताल में जगह-जगह चूहे पकड़ने के जाल लगवाए गए। चूहों को पकड़कर बाहर फेंकवाया गया। फिर टीम बुलाकर जगह-जगह दवा भी रखवाई गई। लेकिन कुछ ही दिनों में हालात फिर पहले जैसे हो गए। चूहे फिर से लौट आए और पहले से ज्यादा संख्या में बढ़ गए। प्रबंधन के सामने अब समझ नहीं आ रहा कि इस समस्या से कैसे निपटा जाए। अस्पताल के एक कर्मचारी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि चूहों को मारने की दवा रखने से भी डर लगता है, क्योंकि अस्पताल में मरीज रहते हैं। कहीं दवा से मरीजों को नुकसान न हो जाए, इसलिए ज्यादा सख्त कदम भी नहीं उठाए जा सकते।
चूहों के आतंक से मरीज और कर्मचारी दोनों परेशान हैं। मरीजों को डर रहता है कि कहीं चूहे उनके खाने-पीने के सामान को दूषित न कर दें। चूहों से कई तरह की बीमारियां फैलने का खतरा भी रहता है। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर चूहों की मौजूदगी संक्रमण का बड़ा कारण बन सकती है।
वहीं कर्मचारी भी परेशान हैं। उन्हें रोजाना चूहों की गंदगी साफ करनी पड़ती है और अपने सामान की रक्षा करनी पड़ती है।

अस्पताल में चूहों का आतंक
