भारतीय क्रिकेट में स्पिन गेंदबाजी की परंपरा काफी पुरानी और समृद्ध रही है। देश ने एक से बढ़कर एक दिग्गज स्पिनर दिए हैं, लेकिन रविचंद्रन अश्विन के बाद एक सवाल लगातार चर्चा में है कि क्या भारत को उनके जैसा प्रभावशाली ऑफ स्पिनर मिल पाएगा? न्यूजीलैंड के पूर्व ऑफ स्पिनर दीपक पटेल ने भी इस मुद्दे पर हैरानी जताई है। उनका मानना है कि भारत अश्विन के बाद अब तक कोई ऐसा गुणवत्तापूर्ण ऑफ स्पिनर तैयार नहीं कर पाया, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार अपनी छाप छोड़ सके। उन्होंने आधुनिक क्रिकेट में ऑफ स्पिनरों की घटती भूमिका, कप्तानों की सोच और डीआरएस के प्रभाव पर भी अपनी राय रखी।