आजमगढ़:नीलगाय को बचाने में पेड़ से टकराई कार, चालक की मौत, दो गंभीर घायल; दीपावली पर लगी प्रतिमा देखने गए थे – Azamgarh Car Crashes Tree Trying Avoid Nilgai Driver Killed Two Others Critically Injured Accident
आजमगढ़ के बरदह थाना क्षेत्र के गोठांव गांव के पास ठेकमा-मार्टीनगंज मार्ग पर रविवार रात करीब 9:30 बजे नीलगाय को बचाने के प्रयास में एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार चालक बालचंद यादव (40) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का उपचार जौनपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, गोठांव गांव निवासी बालचंद यादव पुत्र सागर यादव, चंदन बिंद (26) पुत्र अनिल और विजय मौर्य (32) पुत्र प्रीतम दीपावली के अवसर पर गांव से करीब दो किलोमीटर दूर स्थापित प्रतिमा देखने गए थे। रविवार रात तीनों कार से घर लौट रहे थे। ठेकमा-मार्टीनगंज मार्ग पर गोठांव गांव के पास अचानक सड़क पर नीलगाय आ गई।
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, नीलगाय को बचाने के लिए चालक ने कार को मोड़ने का प्रयास किया। इस दौरान वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बालचंद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चंदन और विजय गंभीर रूप से घायल हो गए।
