इंदौर:ठंड में टमाटर के दाम हुए लाल, मेथी भी दिखा रही तेवर; सब्जियों की महंगाई से बिगड़ा बजट – Vegetable Prices Rise With Cold Weather, Common Man’s Kitchen Budget Disturbed
इंदौर शहर में ठंड का असर अब सब्जियों की कीमतों पर भी दिखाई देने लगा है। पिछले कुछ दिनों से बाजार में हरी सब्जियों के साथ आलू और टमाटर के दामों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। सब्जियों की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। बाजार में खरीदारी करने पहुंच रहे लोग अब अपनी जेब और बजट को ध्यान में रखते हुए जरूरत के हिसाब से ही सब्जियां खरीद रहे हैं। पहले जहां लोग एक साथ कई तरह की सब्जियां खरीद लेते थे, वहीं अब बढ़ती कीमतों के कारण खरीदारी सीमित करनी पड़ रही है।
सब्जी बाजार में इन दिनों मेथी, टमाटर, आलू और फूलगोभी के दाम बढ़े हुए हैं। बाजार में टमाटर 20 से 40 रुपये किलो तक बिक रहे हैं, जबकि मेथी के दाम 40 से 60 रुपये किलो तक पहुंच गए हैं। इसी तरह फूलगोभी 20 से 35 रुपये प्रति नग और आलू 20 से 40 रुपये किलो तक बेचे जा रहे हैं।
पढे़ं: गुजरात के भुज में ट्रक ने ट्रैक्टर को मारी टक्कर, झाबुआ के एक ही गांव के चार मजदूरों की मौत
ठंड के मौसम में आमतौर पर सब्जियों की उपलब्धता अच्छी रहने की उम्मीद होती है, लेकिन इस बार कीमतों में बढ़ोतरी से ग्राहकों को राहत नहीं मिल रही है। सब्जियां खरीदने पहुंचे लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में इनके दाम तेजी से बढ़े हैं। उनका अनुमान है कि आने वाले 10 से 12 दिनों तक कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है।
सब्जियों के दाम बढ़ने की एक वजह कई क्षेत्रों में पर्याप्त बारिश नहीं होना भी बताई जा रही है। पानी की कमी के कारण सब्जियों की फसलों पर असर पड़ा है, जिससे बाजार में आवक प्रभावित होने की आशंका है।
बता दें कि इंदौर की सब्जी मंडियों में बड़ी मात्रा में सब्जियां बड़वाह, धार, खरगोन और आसपास के अन्य क्षेत्रों से आती हैं। इन इलाकों से होने वाली आवक और मौसम की परिस्थितियों का सीधा असर शहर के बाजारों में सब्जियों की कीमतों पर पड़ता है।
फिलहाल सब्जियों के बढ़ते दामों ने आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है। लोगों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में सब्जियों की आवक बढ़ने के साथ कीमतों में कमी आएगी, ताकि उन्हें महंगाई से कुछ राहत मिल सके।
