रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
राजस्थान जिला प्रमुख चुनाव आज:पंचायतों की सत्ता पर कांग्रेस की पकड़ या बीजेपी करेगी उलटफेर – Rajasthan Zila Pramukh Elections Test Bjp And Congress Strength
जयपुर

राजस्थान जिला प्रमुख चुनाव आज:पंचायतों की सत्ता पर कांग्रेस की पकड़ या बीजेपी करेगी उलटफेर – Rajasthan Zila Pramukh Elections Test Bjp And Congress Strength

November 25, 2026


राजस्थान में पंचायत राज चुनाव का आखिरी और सबसे अहम सियासी मुकाबला आज जिला प्रमुखों के चुनाव के साथ होगा। विधानसभा और लोकसभा चुनाव से अलग ग्रामीण राजनीति में अपनी ताकत दिखाने के लिए भाजपा और कांग्रेस के सामने अब जिला परिषदों की सत्ता पर कब्जा जमाने की चुनौती है। चुनाव के नतीजों ने कांग्रेस को बढ़त जरूर दी है, लेकिन जिला प्रमुख की कुर्सी तक पहुंचने के लिए दोनों दलों को सदस्य संख्या के साथ सियासी समीकरण भी साधने होंगे। खासकर उन जिलों में मुकाबला दिलचस्प होगा, जहां निर्दलीय और छोटे दलों के सदस्य निर्णायक भूमिका में हैं।

प्रदेश की 37 जिला परिषदों में आज जिला प्रमुख चुने जाएंगे। चुनावी आंकड़ों के मुताबिक कांग्रेस 22 से 23 जिला परिषदों में बहुमत की स्थिति में है, जबकि भाजपा को पांच जिलों में स्पष्ट बहुमत मिला है। नागौर में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) की स्थिति मजबूत है। बाकी जिलों में बहुमत का गणित किसी एक दल के पक्ष में नहीं होने से मुकाबला केवल संख्या का नहीं, बल्कि राजनीतिक प्रबंधन और सदस्यों को एकजुट रखने की क्षमता का भी बन गया है।

कांग्रेस की बढ़त, लेकिन सभी जिलों में राह आसान नहीं

जिला परिषद चुनाव के नतीजों में कांग्रेस ने भाजपा के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन किया है। जयपुर, जोधपुर, अलवर, सीकर, बीकानेर, भरतपुर, बाड़मेर, भीलवाड़ा, चूरू, दौसा, चित्तौड़गढ़ और झुंझुनूं सहित कई जिलों में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है। पार्टी ने नतीजों 23 जिलों में स्पष्ट बहुमत जुटाया है जबकि 4 अन्य जिलों में वह सबसे बड़ा दल बनी है। 

दूसरी ओर भाजपा अजमेर, ब्यावर, झालावाड़, पाली और उदयपुर में अपने दम पर जिला प्रमुख बनाने की स्थिति में है। नागौर में आरएलपी को स्पष्ट बहुमत मिलने से यहां मुकाबले की तस्वीर पहले ही काफी हद तक साफ है। इन नतीजों ने ग्रामीण क्षेत्रों में राजनीतिक दलों की ताकत और स्थानीय नेतृत्व की स्वीकार्यता को लेकर नई चर्चा शुरू कर दी है।

यह भी पढें-पंचायत चुनाव: राजस्थान में जिला प्रमुख की कुर्सी पर सियासी घमासान, सदस्यों को साधने में जुटी भाजपा और कांग्रेस

आठ जिलों में निर्दलीय तय करेंगे जिला प्रमुख की कुर्सी

इस चुनाव का सबसे दिलचस्प पहलू उन जिलों का है, जहां किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला। बालोतरा, बांसवाड़ा, डीडवाना-कुचामन, डीग, डूंगरपुर, खैरथल-तिजारा, प्रतापगढ़ और सलूंबर में निर्दलीय और छोटे क्षेत्रीय दलों के सदस्य निर्णायक बन सकते हैं।

यहां जिला प्रमुख का चुनाव दलों की घोषित ताकत से ज्यादा उनके चुनावी प्रबंधन की परीक्षा लेगा। निर्दलीय सदस्यों को अपने पक्ष में करने के लिए दोनों प्रमुख दल सक्रिय हैं। पंचायत राज चुनावों में दलबदल विरोधी कानून लागू नहीं होने के कारण क्रॉस वोटिंग की आशंका भी बनी हुई है। यही वजह है कि भाजपा और कांग्रेस ने अपने निर्वाचित सदस्यों की बाड़ेबंदी की है। कई जिलों में प्रत्याशियों के नाम भी आखिरी समय तक सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।

सुबह दस बजे शुरू होगी चुनावी प्रक्रिया

जिला प्रमुख के चुनाव के लिए संबंधित जिला परिषद मुख्यालयों पर सुबह 10 बजे निर्वाचित सदस्यों की बैठक होगी। इसके बाद सुबह 11 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। 11:30 बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी और दोपहर एक बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।

नाम वापसी के बाद चुनाव चिह्न आवंटित होंगे। दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। मतदान पूरा होते ही मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे।

जिला प्रमुख के बाद प्रधान और उप प्रधान के चुनाव

जिला प्रमुखों के चुनाव के बाद 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख चुने जाएंगे। इसके बाद 27 नवंबर को पंचायत समिति प्रधान और 28 नवंबर को उप प्रधान पद के लिए मतदान होगा। इस तरह अगले चार दिन प्रदेश की ग्रामीण सत्ता के राजनीतिक समीकरण तय करेंगे।

हालांकि कोटा, बारां, श्रीगंगानगर और करौली में चुनावी प्रक्रिया बाद में पूरी होगी। इन चार जिलों में पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों की मतगणना 17 दिसंबर को होगी। इसके चलते यहां जिला प्रमुख पद के चुनाव 22 दिसंबर को कराए जाएंगे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X