इंदौर के तिलक नगर क्षेत्र में एक महिला का शव पुलिस ने लोहे का गेट तोड़कर निकाला। महिला दो दिन से नजर नहीं आई थी। गुरुवार को मकान मालिक को बदबू आई तो महिला की मौत के बारे में पता चला। महिला ने कुछ समय पहले ही मकान किराए पर लिया था और वह अकेले रहती थी।
पुलिस को आशंका है कि दिल का दौरा पड़ने की वजह से महिला की मौत हुई है, लेकिन मौत की असली वजह पोस्टमार्टम के बाद पता चलेगी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है। महिला के पति का कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका है। उनकी एक बेटी थी, जो कभी-कभार महिला से मिलने आती थी। बेटी को मौत की सूचना दे दी गई है।
तिलक नगर में दिनेश चौरसिया के मकान में चंद्रकांता सांड ने मकान किराए पर लिया था। महिला रोज मंदिर जाती थी और कुछ देर बाद लौट आती थी। दो दिन से महिला के कमरे का दरवाजा नहीं खुला था। मंदिर नहीं जाने के कारण मकान मालिक को शंका हुई तो उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन दरवाजा नहीं खुला।
भीतर लोहे का गेट भी लगा था। मकान से बदबू भी आ रही थी। इसकी सूचना मकान मालिक ने पुलिस को दी और वेल्डर को बुलवाकर लोहे का गेट तुड़वाया। महिला बिस्तर पर मृत पड़ी थी। परिजनों ने किसी तरह की आशंका जाहिर नहीं की, लेकिन पुलिस ने संदिग्ध मौत होने के कारण शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।