फोटो ने बढ़ाई मुश्किलें:जिस सीईसी के खिलाफ कांग्रेस का मोर्चा,उन्हीं के साथ फोटो खिंचवा बैठे अजय सिंह,दी सफाई – Photo Adds To The Trouble: Ajay Singh Ends Up In A Photograph With The Very Cec Against Whom The Congress Has
भोपाल में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल की तस्वीर सामने आने के बाद मध्य प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। जिस चुनाव आयुक्त के खिलाफ कांग्रेस लगातार मोर्चा खोल रही है, उन्हीं के साथ पार्टी के दिग्गज नेता की तस्वीर सामने आने से भाजपा को कांग्रेस पर हमला करने का मौका मिल गया। विवाद बढ़ा तो अजय सिंह ने सफाई दी। उन्होंने यहां तक कह दिया कि वे ज्ञानेश कुमार को जानते तक नहीं थे।
शादी में हुई मुलाकात, सोशल मीडिया पर खुद साझा की तस्वीर
पूरा मामला 23 नवंबर का है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार भोपाल में एक निजी विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। यह शादी मध्य प्रदेश के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपेंद्र जैन के बेटे की थी। समारोह में कांग्रेस नेता अजय सिंह राहुल भी शामिल हुए थे। इसी दौरान उनकी ज्ञानेश कुमार के साथ तस्वीर खिंची। तस्वीर में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर भी नजर आ रहे हैं। बाद में अजय सिंह ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर तस्वीर साझा कर दी। इसके बाद तस्वीर राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई। खास बात यह है कि कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर ज्ञानेश कुमार को लेकर लगातार सवाल उठा रही है। राहुल गांधी भी चुनाव आयोग की निष्पक्षता और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर उन पर निशाना साधते रहे हैं।
अजय सिंह की सफाई- कौन हैं ज्ञानेश कुमार, मुझे नहीं पता
तस्वीर पर विवाद बढ़ने के बाद अजय सिंह ने जबलपुर में अपनी सफाई दी। उन्होंने कहा कि वे उपेंद्र जैन के बेटे की शादी में शामिल होने गए थे। वहां कई लोग मौजूद थे। किसी ने उनका परिचय नहीं कराया। वहां विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर सहित कई लोग खड़े थे और सामूहिक तस्वीर खिंच गई। अजय सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि शादी में वे किस-किस से पूछते फिरते कि कौन ज्ञानेश कुमार हैं और कौन अमित शाह। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि तस्वीर वायरल नहीं हुई, बल्कि उन्होंने खुद अपने एक्स अकाउंट पर साझा की थी।
भाजपा ने राहुल गांधी को घेरा, पूछा- फिर विरोध किस बात का?
तस्वीर सामने आने के बाद भाजपा प्रवक्ता दुर्गेश केसवानी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व और प्रदेश के नेताओं के रुख में विरोधाभास दिखाई दे रहा है। एक तरफ राहुल गांधी मुख्य चुनाव आयुक्त पर सवाल उठाते हैं, दूसरी तरफ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उनके साथ तस्वीरें खिंचवाकर सोशल मीडिया पर साझा करते हैं। भाजपा ने इसे कांग्रेस का दोहरा रवैया बताते हुए सवाल उठाया कि अगर मुख्य चुनाव आयुक्त से कांग्रेस को इतनी आपत्ति है तो उसके वरिष्ठ नेता उनके साथ तस्वीरें क्यों साझा कर रहे हैं?
इधर सीईसी के जाने के बाद कांग्रेस ने फूंका था पुतला
इस पूरे मामले का दिलचस्प पहलू यह भी है कि ज्ञानेश कुमार के भोपाल प्रवास के दौरान कांग्रेस को उनके आने की जानकारी नहीं होने की बात सामने आई। 26 नवंबर को उनके दिल्ली रवाना होने के करीब 10 घंटे बाद कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध के लिए सक्रिय हुए। युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ता पहले उस होटल पहुंचे, जहां ज्ञानेश कुमार ठहरे थे। वहां से उनके रवाना होने की जानकारी मिलने पर कार्यकर्ता एयरपोर्ट पहुंचे, लेकिन तब तक वे दिल्ली जा चुके थे। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने उनका पुतला जलाकर विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा था कि सीईसी के निजी कार्यक्रम में आने की पहले जानकारी नहीं थी। उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों पर सवाल उठाते हुए विरोध जारी रखने की बात कही।
यह भी पढ़ें-गधे के नाम पर नर्सिंग रजिस्ट्रेशन: पुलिस ने शुरू की जांच, काउंसिल के अधिकारियों और एनएसयूआई नेताओं को बुलाया
अजय सिंह ने इस्तीफे की मांग भी दोहराई
तस्वीर को लेकर सफाई देते हुए अजय सिंह ने भाजपा से किसी तरह की बातचीत या समझौते की अटकलों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि तस्वीर को राजनीतिक अर्थ नहीं दिया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की कांग्रेस की मांग दोहराई। उनका कहना था कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, उनसे बातचीत का सवाल ही नहीं उठता। इस तरह एक निजी शादी समारोह की सामूहिक तस्वीर मध्य प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक हमले का नया मुद्दा बन गई है।
