रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
उज्जैन:शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का बड़ा बयान- शिप्रा का जल नहीं तो सिंहस्थ नहीं, प्रदक्षिणा यात्रा शुरू – Ujjain: No Clean, Flowing Shipra, No Simhastha, Says Shankaracharya At River Parikrama Launch
उज्जैन

उज्जैन:शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का बड़ा बयान- शिप्रा का जल नहीं तो सिंहस्थ नहीं, प्रदक्षिणा यात्रा शुरू – Ujjain: No Clean, Flowing Shipra, No Simhastha, Says Shankaracharya At River Parikrama Launch

November 21, 2026


सरकार शिप्रा को निर्मल और प्रवाहमान करे, नहीं तो हम कर देंगे। कुंभ स्नान शिप्रा के जल में ही स्वीकार होगा। शिप्रा का जल नहीं तो सिंहस्थ नहीं। यह बात ज्योतिष पीठाधीश्वर जगदगुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने त्रिशूल शिवगण वाहिनी के द्वारा आयोजित संपूर्ण शिप्रा प्रदक्षिणा यात्रा के शुभारंभ अवसर पर धर्म सभा को वर्चुअल संबोधित करते हुए कही।

संचालन करते हुए वाहिनी के संस्थापक सुरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि बड़े सनातन धर्म गुरुओं से मिलकर शिप्रा को प्रवाहमान व निर्मल करने की आवाज उठाई गई है। इलाहाबाद, वाराणसी और दिल्ली से श्रद्धालुओं के शामिल होने तथा शंकराचार्य की उपस्थिति से शिप्रा का विषय राष्ट्रीय स्तर का बन गया है। संस्थापक त्रिशूलपाणी आदित्य नागर ने नदी को स्वच्छ व प्रवाहमान बनाने की कार्ययोजना शंकराचार्य के समक्ष रखी। इस पर शंकराचार्य ने सहमति जताते हुए कहा कि सरकार की मंशा हो तो नदी को पुनर्जीवित और स्वच्छ किया जा सकता है। 

आदित्य नागर ने नदी को पुनर्जीवित करने के लिए अपना शेष जीवन समर्पित करने का संकल्प लिया। धर्म सभा को जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर ध्यानश्री शैलेशानंद गिरि, महामंडलेश्वर भागवतानंद गिरि, उपनिषद आश्रम के संस्थापक दंडी स्वामी वीतरागानंद सरस्वती, मुनि शरणदास, अखिल भारतीय संत समिति खाकी अखाड़ा के अध्यक्ष महंत विशालदास और जूना अखाड़ा के महंत नीलेश पुरी ने संबोधित किया। सभी संतों ने एकमत से शिप्रा को प्रवाहमान व निर्मल करने का संकल्प लिया।

पहले दिन उज्जैनी यात्रा, कल उपनिषद आश्रम में होगा विश्राम

प्रतिवर्ष कार्तिक द्वादशी से पूर्णिमा तक निकलने वाली यह यात्रा 24 नवंबर तक चलेगी। पहले दिन यात्रा रामघाट से रामानुज कोट, गणगौर दरवाजा, गोपाल मंदिर, कंठाल, नईसड़क, मालीपुरा, चामुंडा माता चौराहा, टावर और तीनबत्ती चौराहा होते हुए प्रथम पड़ाव स्थल देवलघाट, ग्राम बोलासा पहुंची। इसके बाद नरवर, ग्राम शिप्रा व दकनाखेड़ी होते हुए शिप्रा उद्गम स्थल उज्जैनी पहुंची, जहां केवडेश्वर धाम में धर्म चेतना सभा व रात्रि विश्राम हुआ। 

ये भी पढ़ें: ओंकारेश्वर: ओंकारेश्वर में भव्य दीपोत्सव, 20 हजार दीपों से जगमगाया नर्मदा तट, महाआरती व आतिशबाजी ने मोहा मन

22 नवंबर की सुबह यात्रा उद्गम स्थल से ग्राम सिमरोड और सांवेर होते हुए शाम को दत्तअखाड़ा घाट व उपनिषद आश्रम पहुंचेगी और यहीं रात्रि विश्राम होगा। 23 नवंबर की सुबह यात्रा उपनिषद आश्रम से रणजीत हनुमान, ऋणमुक्तेश्वर, कालभैरव, सिद्धनाथ, शिप्रा-गंभीर संगम स्थल मेलनाथ, आलोट जागीर, महिदपुर रोड और आलोट होते हुए शिप्रा-चंबल संगम स्थल सिपावरा पहुंचेगी। 24 नवंबर को सिपावरा से परिक्रमा के बाद महिदपुर घाट, नारायणा धाम, अंगारेश्वर, मंगलनाथ, खाकचौक, केडी गेट, कमरीमार्ग, ढाबारोड, कार्तिक चौक और रामानुज कोट होते हुए शाम 5 बजे रामघाट पहुंचेगी। निर्माण कार्यों के कारण मार्ग में आंशिक परिवर्तन संभावित है। सभी पड़ावों पर शिप्रा पूजन, चुनरी अर्पण, श्रमदान, वृक्षारोपण और धर्म चेतना सभा होगी। 24 नवंबर को शाम 5.30 बजे रामघाट स्थित राणोजी की छतरी पर धर्म चेतना सभा और एक दिया शिप्रा के नाम अभियान के साथ यात्रा का समापन होगा।

घाटों पर दीपदान करने की अपील

महामंडलेश्वर शैलेशानंद गिरि, महंत विशालदास, महंत नीलेश्वर पुरी और मित्रवृंदा धाम के संस्थापक गिरीश गुरु ने शिप्रा को जीवनरेखा बताते हुए श्रद्धालुओं से यात्रा में शामिल होने की अपील की। संतों ने कहा कि 24 नवंबर को रामघाट पर दीपदान नदी में प्रवाहित न करते हुए घाटों पर ही करें, ताकि नदी स्वच्छ रहे और जलचरों को नुकसान न हो।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X