रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
उज्जैन:सिंहस्थ-2028 से पहले पीडब्ल्यूडी में बड़ा फेरबदल, पीएस पंत बने नए चीफ इंजीनियर,संभालेंगे संभाग की कमान – Simhastha 2028 Prep: Bridge Expert Ps Pant Appointed New Pwd Chief Engineer In Ujjain
उज्जैन

उज्जैन:सिंहस्थ-2028 से पहले पीडब्ल्यूडी में बड़ा फेरबदल, पीएस पंत बने नए चीफ इंजीनियर,संभालेंगे संभाग की कमान – Simhastha 2028 Prep: Bridge Expert Ps Pant Appointed New Pwd Chief Engineer In Ujjain

November 28, 2026


Simhastha 2028 Prep: Bridge Expert PS Pant Appointed New PWD Chief Engineer in Ujjain

पीएस पंत बने उज्जैन के नए चीफ इंजीनियर

विस्तार

सिंहस्थ-2028 के महाआयोजन की तैयारियों को रफ्तार देने के लिए मध्यप्रदेश शासन ने लोक निर्माण विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। शुक्रवार को जारी आदेशों के तहत विभाग के कई अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं, जिनमें उज्जैन के तीन अधिकारी शामिल हैं। सबसे अहम बदलाव के तहत सेतु (ब्रिज) शाखा में कार्यपालन यंत्री के पद पर कार्यरत पीएस पंत को उज्जैन का नया चीफ इंजीनियर नियुक्त किया गया है। अब तक सिंहस्थ के अहम पुलों की कमान संभाल रहे पंत के कंधों पर अब पूरे उज्जैन संभाग के पीडब्ल्यूडी कामकाज की बड़ी जिम्मेदारी आ गई है। राज्यपाल के नाम से उपसचिव प्रदीप जैन द्वारा जारी इन आदेशों को सिंहस्थ से पहले मैदानी अमले को और अधिक चुस्त-दुरुस्त करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

वैसे ब्रिज शाखा में कार्यपालन यंत्री रहते हुए पीएस पंत सिंहस्थ-2028 के प्रमुख सेतु निर्माण कार्यों के प्रमुख सूत्रधार रहे हैं। प्रशासनिक हलकों में उनकी पहचान एक सख्त, तकनीकी रूप से दक्ष और समय-सीमा में काम कराने वाले अधिकारी के रूप में होती है। वे अक्सर कलेक्टर और सिंहस्थ मेला अधिकारी के साथ खुद निर्माण स्थलों पर पहुंचकर पाइल, पियर और स्लैब की गुणवत्ता व प्रगति का जायजा लेते रहे हैं। 

ये भी पढ़ें: ग्वालियर: पानी की बोतलों पर खाद्य विभाग का छापा, 2500 लीटर पानी पर नहीं मिली निर्माण तारीख

काम में अड़चन न आए, इसके लिए वे रेलवे, PHE और नगर निगम के साथ जमीन अधिग्रहण व पाइप लाइन शिफ्टिंग जैसे मामलों में सीधा समन्वय करते हैं। फरवरी तक पाइल, जुलाई तक स्लैब और दिसंबर तक ब्रिज पूरा करने जैसी स्पष्ट समय-सीमा तय कर काम कराने की उनकी कार्यशैली अब पूरे संभाग के निर्माण कार्यों में देखने को मिलेगी।

सिंहस्थ के इन बड़े प्रोजेक्ट्स में रही अहम भूमिका


  • फ्रीगंज का नया फोरलेन ब्रिज – करीब 100 साल पुराने पुल के समानांतर लगभग 58 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे इस अहम फोरलेन ब्रिज का काम अहमदाबाद की चेतन कंस्ट्रक्शन कर रही है। इसे जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।
  • रामघाट के पास 8 लेन पुल- शिप्रा नदी पर शहर के पहले 8 लेन (100 फीट चौड़े) पुल की परियोजना को आगे बढ़ाने में उनकी भूमिका रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर इसका प्रस्ताव राज्य वित्त समिति से स्वीकृत कराया गया।
  • शिप्रा पर तीन नए पुल – सिद्धवट से अंगारेश्वर महादेव मंदिर, भैरवगढ़ से पीपलीनाका और नृसिंह घाट के समानांतर बनने वाले तीन नए पुलों के लिए 28.86 करोड़ रुपए का संयुक्त टेंडर कराया गया।
  • हरिफाटक-महाकाल लोक फोरलेन अंडरपास – करीब 50 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत वाले इस प्रोजेक्ट का सर्वे और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) सेतु शाखा ने उन्हीं के नेतृत्व में तैयार की।
  • आईटीआई आरओ बी – इस आरओबी का काम तेज गति से चल रहा है जो कि समय सीमा से लगभग 6 से 8 माह पूर्ण हो सकता है।
  • लालपुर आरओबी – लालपुर पर बनाए जा रहे हैं नए आरओबी का काम भी लगभग सवा से डेढ़ साल में ही पूर्ण करने का लक्ष्य है जबकि इसकी समय सीमा लगभग 2 साल है।

सख्त मॉनिटरिंग है खासियत

नए चीफ इंजीनियर पीएस पंत की पहचान एक ऐसे अधिकारी के रूप में है जो हर प्रोजेक्ट की खुद मौके पर जाकर नियमित मॉनिटरिंग करते हैं। बड़े से बड़े निर्माण कार्यों को तय डेडलाइन से पहले पूरा करने के लिए वे चरणबद्ध लक्ष्य तय करते हैं। काम की तेज गति के साथ उच्च गुणवत्ता बनाए रखना उनकी कार्यशैली का मुख्य हिस्सा है, जिसका सीधा लाभ अब पूरे उज्जैन संभाग के विकास कार्यों को मिलेगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X