जिले में अवैध शराब का झूठा मुकदमा न बनाने के एवज में शराब दुकान के कर्मचारियों से दो लाख रुपये की रिश्वत मांगने और थाने में उनसे मारपीट करने के मामले में पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने इस मामले में संज्ञान लेते हुए ऋषभदेव थाने के निरीक्षक (सीआई) हेमंत अहारी, उपनिरीक्षक रमेशचंद्र, सहायक उपनिरीक्षक रणजीत हड़ात और आरक्षी कैलाश को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच ऋषभदेव के पुलिस उपाधीक्षक अर्जुन सिंह को सौंपी गई है।
अवैध वसूली और थाने में मारपीट
प्राप्त जानकारी के अनुसार जालोर जिले के रानीवाड़ा निवासी देवीसिंह के परिचित आशीष सेन और लोकेश पटेल 21 नवंबर को हर्षावाड़ा स्थित एक शराब दुकान पर काम पर जा रहे थे। रास्ते में सहायक उपनिरीक्षक रणजीत और आरक्षी कैलाश ने दोनों युवकों को अवैध शराब की तस्करी के आरोप में जबरन हिरासत में ले लिया और थाने ले आए। थाने लाने के बाद आरक्षी ने मुकदमा न बनाने के बदले दो लाख रुपये देने का दबाव बनाया। लोकेश ने घटना की जानकारी अपने जीजा महेंद्र को दी। पैसे जल्द मंगवाने के लिए थानाधिकारी, सहायक उपनिरीक्षक तथा आरक्षी ने दोनों पीड़ितों की थाने में पिटाई की।
ये भी पढ़ें: कोटा: आपसी रंजिश में बदमाशों ने मचाया उत्पात, घरों व वाहनों में जमकर की तोड़फोड़, सीसीटीवी फुटेज सामने आया
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की कार्रवाई
पीड़ितों की आपबीती सुनकर देवीसिंह ने 22 नवंबर को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की विशेष इकाई में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद ब्यूरो के निर्देश पर देवीसिंह 22 नवंबर की रात को 80 हजार रुपये लेकर सौदेबाजी के तहत थाने पहुंचे। वहां तय राशि से कम रुपये देखकर पुलिसकर्मी भड़क गए और अभद्रता करने लगे। तलाशी के दौरान पुलिसकर्मियों ने पीड़ित के पास छिपा हुआ ब्यूरो का एक छोटा वॉइस रिकॉर्डर पकड़ लिया। इसके बाद उन्होंने साक्ष्य मिटाने की नीयत से रिकॉर्डर तथा उसका मेमोरी कार्ड छिपा दिया और देवीसिंह के साथ भी मारपीट की।
आरोपी पुलिसकर्मियों की तलाश जारी
ब्यूरो की टीम को जब अपना रिकॉर्डर छीने जाने की जानकारी मिली तो दल तुरंत ऋषभदेव थाने पहुंचा। हालांकि ब्यूरो की टीम के पहुंचने से पहले ही दोनों सहायक उपनिरीक्षक और आरक्षी थाने से भागने में सफल रहे। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजीव जोशी ने बताया कि पूरे मामले की जांच रिपोर्ट तैयार करके जयपुर मुख्यालय को भेज दी गई है। मुख्यालय से निर्देश प्राप्त होते ही मामले में आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।