दतिया:जहां डाकू भी सिर झुकाते थे, वहां उमड़ेगा लाखों श्रद्धालुओं का सैलाब, रतनगढ़ में शुरू हुआ लक्खी मेला – Datia: Ratangarh Mata Fair Draws Millions, Once A Dacoit Haven, Now A Major Centre Of Faith
विंध्याचल की पहाड़ियों पर बसा एक ऐसा मंदिर, जहां कभी चंबल के बागी पुलिस को चुनौती देने आते थे और आज वहां लाखों भक्त अपनी मन्नतें लेकर पहुंच रहे हैं। भाई दूज के मौके पर रतनगढ़ माता मंदिर में सालाना लक्खी मेला शुरू हो गया है। आधी रात से ही पहाड़ियों पर भक्तों की कतारें लग गईं। सिंध नदी में डुबकी, माता के जयकारे और भाई-बहन के अटूट प्रेम की कहानी, सब कुछ इस मेले को खास बना रहा है। इस बार दो दिनों में लगभग 25 से 30 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। भक्त सिर्फ मध्य प्रदेश से नहीं, बल्कि राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और देश के कई और राज्यों से आ रहे हैं।
रतनगढ़ माता को लेकर लोगों की आस्था गजब की है। यहां सबसे ज्यादा वे लोग आते हैं, जिन्हें कभी सांप या किसी जहरीले जीव ने काटा हो। मान्यता है कि जब किसी को सांप काट लेता है तो परिवार के लोग देवी का नाम लेकर घाव के चारों ओर तुलसी की मिट्टी या घर के मंदिर की विभूति से एक घेरा बना देते हैं। इसे यहां के लोग ‘बंध’ कहते हैं।
कहा जाता है कि बंध लगाते ही जहर आगे नहीं बढ़ता फिर पीड़ित को सिंध नदी में नहलाकर स्ट्रेचर पर कुंवर बाबा मंदिर के सामने लाया जाता है और वहीं बंध खोला जाता है। ठीक होने के बाद लोग फिर माता के दरबार में मत्था टेकने आते हैं। इसीलिए मेले में कई लोग स्ट्रेचर पर आते नजर आते हैं, जिनके चेहरे पर डर नहीं, बल्कि भरोसा होता है।
इस मंदिर की कहानी करीब 700 साल पुरानी बताई जाती है। कहा जाता है कि 13वीं सदी में जब अलाउद्दीन खिलजी ने रतनगढ़ पर हमला किया, तो यहां के राजा रतन सिंह और उनके छह बेटे वीरगति को प्राप्त हो गए। महल की रक्षा का जिम्मा सबसे छोटे बेटे कुंवर गंगा रामदेव पर आया।
युद्ध में जाने से पहले उनकी बहन मंडुला ने उनके माथे पर तिलक लगाया और हाथ में तलवार देकर कहा, जीत के बाद झंडा फहराना। कुंवर ने सैकड़ों सैनिकों को मार गिराया लेकिन युद्ध में उनका हाथ कट गया, जिससे वे झंडा नहीं फहरा सके। शाम तक भाई के न लौटने पर बहन को अनहोनी का डर सताने लगा और उन्होंने पहाड़ी पर जीवित समाधि ले ली। जब कुंवर लौटे और बहन को नहीं पाया तो उन्होंने भी कुछ दूरी पर समाधि ले ली। तभी से मंडुला को रतनगढ़ माता के रूप में पूजा जाता है और कुंवर बाबा को उनके भाई के रूप में। यही वजह है कि भाई दूज पर यहां इतनी बड़ी भीड़ उमड़ती है।
ये भी पढ़ें: एमपी: IAS अधिकारी आर. राजेंद्रन ने पटाखों के इस्तेमाल पर जताई चिंता, बोले- दिवाली पर बांट रहे हैं ब्रोंकाइटिस
रतनगढ़ को बागियों का मंदिर भी कहा जाता है। चंबल के बीहड़ों में एक कहावत थी कि जिस डाकू ने रतनगढ़ में घंटी नहीं चढ़ाई, उसे बीहड़ में जगह नहीं मिलेगी। माधव सिंह, मोहर सिंह, मलखान, मान सिंह, जगन गुर्जर से लेकर फूलन देवी तक लगभग हर बड़े बागी ने यहां आकर घंटी चढ़ाई। कहा जाता है कि बागी यहां पूजा करने आते थे और पुलिस को खुली चुनौती देते थे, फिर भी मंदिर परिसर में कभी कोई बागी गिरफ्तार नहीं हुआ। इतना ही नहीं, बागियों ने कभी मंदिर आने वाले भक्तों को नुकसान नहीं पहुंचाया। आज भी मंदिर में टंगी हजारों घंटियां उस दौर की गवाही देती हैं।
इतनी बड़ी भीड़ को देखते हुए इस बार प्रशासन ने पहली बार स्मार्ट मैनेजमेंट मॉडल अपनाया है। मंदिर में आने और जाने के लिए अलग-अलग रास्ते बनाए गए हैं। पूरे मेला क्षेत्र को 22 सेक्टरों में बांटा गया है। सुरक्षा के लिए 2000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात हैं। 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे, 40 से ज्यादा स्ट्रेचर और 18 एंबुलेंस लगाई गई हैं। मंदिर के अंदर चार जगहों पर एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई हैं, ताकि दूर खड़े भक्त भी दर्शन कर सकें। गाड़ियों के लिए 25 पार्किंग पॉइंट बनाए गए हैं। मुख्य पार्किंग मंदिर से चार किलोमीटर दूर बसई मलक में है, जहां 6 हजार गाड़ियां खड़ी हो सकती हैं। दूल्हादेव में 10 हजार गाड़ियों की पार्किंग है। भगुवापुरा, खंजापुरा और देवगढ़ के पास भी पार्किंग बनाई गई है।
मेले के लिए आसपास के किसानों ने भी बड़ा दिल दिखाया है। उन्होंने पार्किंग और कैंप के लिए अपने खेतों में बुवाई ही टाल दी। बसई मलक से मंदिर तक के रास्ते में दस पैसेंजर वेटिंग एरिया बनाए गए हैं। रतनगढ़ सेवा समिति ने यज्ञशाला के पीछे खुला आराम क्षेत्र भी बनाया है। भक्तों से अपील की गई है कि वे बसई मलक की ओर से सीढ़ियां चढ़कर मंदिर पहुंचें और वापसी में जवारा प्लेटफॉर्म के पास बने नए रास्ते से लौटें, ताकि भीड़ न टकराए।
