उमरिया:बांधवगढ़ में बाघ की संदिग्ध मौत से वन विभाग में हड़कंप, डॉग स्क्वाड और मेटल डिटेक्टर से खंगाला जंगल – Male Tiger Found Dead In Bandhavgarh, Cause Of Death Remains Unknown
विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में एक नर बाघ की मौत का मामला सामने आया है। मानपुर बफर परिक्षेत्र के बिजौरी सर्कल अंतर्गत देवरी-बी बीट में नियमित गश्ती के दौरान 8 से 10 वर्ष की अनुमानित उम्र के बाघ का शव मिला। बाघ की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल पता नहीं चल पाया है। वन विभाग ने राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) की निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत सर्चिंग, शव विच्छेदन और अंतिम संस्कार की कार्रवाई पूरी की।
जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर को दोपहर बाद वन विभाग की टीम नियमित पैदल गश्ती कर रही थी। इसी दौरान देवरी-बी बीट प्रभारी और सुरक्षा श्रमिक की नजर जंगल में पड़े बाघ के शव पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही मानपुर बफर के सहायक संचालक और वन परिक्षेत्र अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कराई।
डॉग स्क्वाड और मेटल डिटेक्टर से की गई सर्चिंग
बाघ की मौत के पीछे किसी संदिग्ध गतिविधि या अन्य कारण की आशंका को देखते हुए घटनास्थल और आसपास के वन क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इसके लिए शहडोल से डॉग स्क्वाड बुलाया गया। मेटल डिटेक्टर और वन विभाग के मैदानी अमले की मदद से पूरे क्षेत्र की तलाशी ली गई। हालांकि, इस दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि सामने नहीं आई।
नाखून और दांत समेत सभी अवयव सुरक्षित मिले
19 नवंबर को निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत नर बाघ का शव विच्छेदन किया गया। यह प्रक्रिया संजय टाइगर रिजर्व के चिकित्सक डॉ. अभय सेंगर और मानपुर के पशु चिकित्सक डॉ. विपिन चन्द्र आदर्श ने पूरी की। शव विच्छेदन के दौरान बाघ के सभी अवयव, नाखून और दांत सुरक्षित पाए गए।
चिकित्सकों ने आवश्यक परीक्षण के बाद विभिन्न नमूने एकत्रित किए, जिन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जाएगा। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार बाघ का दाह संस्कार कर दिया गया। पूरी कार्रवाई की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई।
अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी हुई कार्रवाई
इस दौरान वन संरक्षक रीवा वृत्त अनुराग कुमार, उप संचालक बांधवगढ़ योहान कटारा, NTCA प्रतिनिधि डॉ. ज्ञानेंद्र प्रजापति सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। ग्राम पंचायत मझखेता की सरपंच सावित्री प्रजापति, उप सरपंच तेजभान सिंह और नायब तहसीलदार सनत सिंह भी उपस्थित थे।
क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय के अनुसार, बाघ की मृत्यु का वास्तविक कारण फिलहाल अज्ञात है। शव विच्छेदन के दौरान एकत्रित नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल घटनास्थल और आसपास के जंगल में निगरानी के साथ सघन गश्ती जारी है।
