उमरिया:11 साल से बन रही Nh-43 पर जाम में फंसा बीमार युवक, इलाज के लिए शहडोल ले जाते समय थम गई सांसें – Umaria: Sick Man Dies On Way To Hospital Amid Nh-43 Traffic Jam, Road Project Pending For 11 Years
शहडोल-उमरिया राष्ट्रीय राजमार्ग-43 की बदहाली अब लोगों के सफर तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि यह जिंदगी और मौत के बीच भी बाधा बनती दिखाई दे रही है। पठारी फाटक से घुनघुटी तक लगभग 11 वर्षों से निर्माणाधीन सड़क, कीचड़ और लंबे जाम के बीच रविवार को एक युवक की मौत का दुखद मामला सामने आया है। मृतक की पहचान रवि सिंह के रूप में बताई गई है। परिजनों के अनुसार उसकी तबीयत खराब थी और इलाज के लिए उसे शहडोल अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
एंबुलेंस नहीं मिली तो बाइक बनी सहारा
जानकारी के अनुसार रवि सिंह को पीलिया होने के कारण परिजन उसे इलाज के लिए उमरिया से शहडोल ले जा रहे थे। परिजनों को एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी, जिस कारण मजबूरी में दोपहिया वाहन से अस्पताल ले जाने का निर्णय लिया गया। रवि बाइक पर पीछे बैठा हुआ था लेकिन जिस रास्ते से उसे जिंदगी बचाने की उम्मीद में अस्पताल पहुंचाया जा रहा था, वही रास्ता जाम और कीचड़ के कारण परेशानी का सबब बना हुआ था, जिसके चलते ग्राम बिजौरा के पास उसने दम तोड़ दिया।
घुनघुटी में जाम, सड़क पर कीचड़ और बेबस यात्री
शुक्रवार की दरमियानी रात से NH-43 पर मोर्चा फाटक और घुनघुटी क्षेत्र में जाम की स्थिति बनी हुई है। बीते दिनों हुई बारिश के बाद निर्माणाधीन सड़क पर कीचड़ फैलने से कई वाहन फंस गए हैं। हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी हैं। यात्री बसों से लेकर छोटे-बड़े वाहन तक प्रभावित हैं। इसी अव्यवस्था के बीच बीमार रवि को लेकर जा रहे परिजन भी रास्ते में परेशानियों से जूझते रहे।
ये भी पढ़ें: भोपाल: 10 करोड़ की लोन सेटलमेंट ठगी पर ईओडब्ल्यू का शिकंजा कसा, मुख्य आरोपी मोहित गोगिया के खिलाफ चार्जशीट
चौकी प्रभारी ने बताई घटना की जानकारी
घुनघुटी चौकी प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि युवक बाइक से इलाज कराने शहडोल जा रहा था लेकिन बिजौरा के पास रास्ते में ही मृत हो गया। चौकी प्रभारी के अनुसार सूचना मिलने पर 112 वाहन मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक परिजन वहां से जा चुके थे।
11 साल से निर्माणाधीन सड़क, जनता भुगत रही कीमत
पठारी फाटक से घुनघुटी तक सड़क निर्माण और चौड़ीकरण का काम करीब 11 वर्षों से जारी है। इतने लंबे समय बाद भी सड़क की स्थिति ऐसी नहीं बन सकी कि बारिश के दौरान निर्बाध आवागमन हो सके। कीचड़, गड्ढे, वाहनों का फंसना और घंटों का जाम इस मार्ग की परेशानी बन चुके हैं। आए दिन दुर्घटनाओं की खबरें भी सामने आती रहती हैं।
इस मार्ग से सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधि, विपक्ष के नेता, मंत्री और प्रशासनिक अधिकारी भी गुजरते हैं, लेकिन आम जनता की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। रवि सिंह की मौत का कारण केवल सड़क और जाम था, यह जांच और चिकित्सकीय जानकारी के बाद ही स्पष्ट होगा। हालांकि जाम के बीच बीमार युवक की मौत ने इस मार्ग की बदहाली और आपातकालीन आवागमन की गंभीर समस्या को फिर चर्चा में ला दिया है। विकास के दावों के बीच 11 साल से बन रही सड़क आज भी लोगों को सुरक्षित और निर्बाध सफर नहीं दे पाई है। इस घटना ने एक बार फिर NH-43 पर निर्माण कार्य की धीमी गति, सड़क की स्थिति और यातायात व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
