रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बैकुंठ चतुर्दशी:51 हजार दीपों से जगमगाया मंडलेश्वर का नर्मदा तट, महाआरती और आतिशबाजी ने बांधा समां – Mandleshwar’s Narmada Banks Lit Up With 51,000 Lamps
खरगोन

बैकुंठ चतुर्दशी:51 हजार दीपों से जगमगाया मंडलेश्वर का नर्मदा तट, महाआरती और आतिशबाजी ने बांधा समां – Mandleshwar’s Narmada Banks Lit Up With 51,000 Lamps

November 23, 2026


Mandleshwar's Narmada banks lit up with 51,000 lamps.

नर्मदा के तट पर एक साथ 51 हजार दीप प्रज्वलित हुए।
– फोटो : credit

विस्तार

नर्मदा के तट पर जब एक साथ 51 हजार दीप प्रज्वलित हुए तो पूरा घाट रोशनी से नहा उठा। जगमगाते दीप, मां नर्मदा की महाआरती, संतों का सान्निध्य और आसमान में रंगीन आतिशबाजी, कुछ ऐसा ही भक्तिमय नजारा सोमवार को मंडलेश्वर में देखने को मिला। बैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर आयोजित इस दीपोत्सव ने एक बार फिर नगर की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत कर दिया।

मंडलेश्वर में आयोजित दीपोत्सव का यह लगातार छठवां वर्ष था। शाम से ही नर्मदा घाट पर श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। रात 7 बजे 51 हजार दीपों को प्रज्वलित किया गया। दीपों की रोशनी से पूरा घाट जगमगा उठा। इस अद्भुत दृश्य को देखने के लिए मंडलेश्वर सहित आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। कार्यक्रम में साधु-संतों और धर्माचार्यों की मौजूदगी में मां नर्मदा की महाआरती की गई। संत विजय दास महाराज, द्वारका दास बापू, ठाकुर रामदास महाराज सहित अन्य संतों का आयोजन समिति ने सम्मान किया। आरती के बाद श्रद्धालुओं ने नर्मदा में दीपदान किया। इसके बाद हुई आतिशबाजी ने आयोजन की भव्यता में चार चांद लगा दिए।

ये भी पढ़ें- गुरु नानक देव ने समाज को दिया समानता और भाईचारे का संदेश, सीएम मोहन यादव ने गुरुद्वारे में टेका माथा

दीपों से उकेरी भारतीय संस्कृति की तस्वीर

इस बार घाट पर दीपों से तैयार की गई कलात्मक आकृतियां विशेष आकर्षण रहीं। स्थानीय कलाकार दिनेश खेड़े और नगर के बच्चों ने मिलकर द्वादश ज्योतिर्लिंग, श्रीराम मंदिर, अखंड भारत का नक्शा, आदि गुरु शंकराचार्य और संत रविदास जी के चित्र तैयार किए। धार्मिक प्रतीकों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।

बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

दीपोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। नगर की विभिन्न अशासकीय शालाओं के विद्यार्थियों ने नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। आयोजन समिति ने प्रतिभागी बच्चों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया।

स्वास्थ्य शिविर में मिला निशुल्क परामर्श

दीपोत्सव के अवसर पर सुजश हॉस्पिटल के सहयोग से निशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। इसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विभिन्न बीमारियों की जांच कर लोगों को परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया। आयोजन के समापन पर श्रद्धालुओं को महाप्रसादी वितरित की गई। दीपोत्सव को सफल बनाने में आयोजन समिति, नगरवासियों और प्रशासन का सहयोग रहा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X