एमपी:दो दिन से घर में बंद था वार्ड बॉय, पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो कुर्सी पर मिला शव; पास में मिली शराब की बोतल – Mp: A Ward Boy Had Been Locked Inside His House For Two Days; When The Police Broke Open The Door
छिंदवाड़ा जिले के तामिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ वार्ड बॉय नेपाल शाह उईके अपने घर में मृत मिले। उनका शव घर में कुर्सी पर बैठी अवस्था में मिला। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया तो उनके हाथ में गिलास था और पास में शराब की बोतल रखी हुई थी। आशंका है कि उनकी मौत करीब दो दिन पहले हुई थी। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
जानकारी के अनुसार, नेपाल शाह तामिया स्थित अपने घर में अकेले रहते थे। उनकी पत्नी और तीन बच्चे उनके साथ नहीं रहते थे। बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के चलते पत्नी बच्चों के साथ मायके में रह रही थी। घर में अकेले रहने के कारण दो दिनों तक किसी को उनकी स्थिति का पता नहीं चला। घर लगातार बंद रहने और आसपास के लोगों को संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां नेपाल शाह मृत मिले।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, नेपाल शाह शराब का सेवन करते थे। आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक शराब पीने से उनकी तबीयत बिगड़ी होगी। इसके अलावा ब्लड शुगर कम होने या हार्ट अटैक की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, अभी इनमें से किसी भी वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है और रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
20 नवंबर को मिला था नोटिस, अगले दिन से नहीं पहुंचे अस्पताल
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, नेपाल शाह उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर करने के साथ ऑनलाइन अटेंडेंस भी लगाते थे, लेकिन इसके बाद ड्यूटी से गायब हो जाते थे। उनकी ड्यूटी शाम 6 बजे तक थी, लेकिन वे दिनभर अस्पताल में उपलब्ध नहीं रहते थे। शाम 4 से 5 बजे के बीच कार्यालयीन काम के लिए जरूरत पड़ने पर भी उनकी तलाश की जाती थी, लेकिन वे नहीं मिलते थे।
लगातार अनुपस्थित रहने पर उन्हें 20 नवंबर को नोटिस दिया गया था। बताया जा रहा है कि इसके अगले दिन से वे अस्पताल नहीं पहुंचे। इस बीच उनके घर में भी दो दिनों तक कोई हलचल नहीं दिखी। बाद में आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
