रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
एमपी:पति की आय 70 हजार, पत्नी को 25 हजार गुजारा भत्ता; हाईकोर्ट ने सुनाया अहम आदेश – Mp High Court Wife Maintenance Husband Financial Status Indore Bench
भोपाल

एमपी:पति की आय 70 हजार, पत्नी को 25 हजार गुजारा भत्ता; हाईकोर्ट ने सुनाया अहम आदेश – Mp High Court Wife Maintenance Husband Financial Status Indore Bench

November 28, 2026


MP High Court Wife Maintenance Husband Financial Status Indore Bench

मप्र हाईकोर्ट

विस्तार

मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय की इंदौर पीठ ने भरण-पोषण से जुड़े मामले में महत्वपूर्ण व्यवस्था दी है कि पत्नी को निष्क्रिय जीवन जीने की बजाय स्वयं भी अपनी आजीविका अर्जित करने का प्रयास करना चाहिए। साथ ही, अदालत ने स्पष्ट किया कि पत्नी को पति की आर्थिक हैसियत के अनुसार जीवन जीने का पूर्ण अधिकार प्राप्त है और गुजारा भत्ता पाने के लिए उसका पूरी तरह बेसहारा होना आवश्यक नहीं है। न्यायमूर्ति आलोक अवस्थी की एकलपीठ ने इंदौर कुटुंब न्यायालय द्वारा तय किए गए 25,000 रुपये मासिक भरण-पोषण के आदेश को बरकरार रखते हुए पति और पत्नी दोनों की याचिकाओं को खारिज कर दिया।

कुटुंब न्यायालय का आदेश और दंपती का विवाद

दंपती का विवाह 21 नवंबर, 1998 को रतलाम में सिख रीति-रिवाज से हुआ था। उनके दो बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी शामिल हैं और दोनों अब बालिग हैं। पत्नी ने पति तथा ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए बताया कि वर्ष 2021 में उसे घर से निकाल दिया गया था। परिजनों की समझाइश के बाद दोनों फिर साथ रहने लगे, परंतु 15 अक्तूबर 2022 को हुए विवाद के बाद उसे दोबारा घर छोड़ना पड़ा। लगभग एक वर्ष तक भरण-पोषण की व्यवस्था न होने पर पत्नी ने कुटुंब न्यायालय में याचिका दायर करके 50,000 रुपये प्रतिमाह देने की मांग की थी। कुटुंब न्यायालय ने 5 जून 2026 को सुनवाई के बाद 25,000 रुपये महीने का भत्ता निर्धारित किया।

दोनों पक्षों के तर्क और आय का विवरण

कुटुंब न्यायालय के इस फैसले को पत्नी ने उच्च न्यायालय में चुनौती देते हुए कहा कि उसका पति पेट्रोल पंप का मालिक है और आय के अन्य स्रोत भी हैं। इसके बावजूद उसकी वास्तविक आर्थिक स्थिति का उचित आकलन नहीं हुआ। वहीं पति ने दलील दी कि पत्नी बिना किसी ठोस कारण के उससे अलग रह रही है। उसका कहना था कि पत्नी शिक्षित है और ऐसा कोई रिकॉर्ड नहीं है, जिससे सिद्ध हो कि वह कमाने में असमर्थ है। पति ने परिवार के साथ मिलकर पेट्रोल पंप संचालित करने और लगभग 70,000 रुपये प्रतिमाह आय होने की बात स्वीकार की।

उच्च न्यायालय का संतुलित भरण-पोषण पर जोर

उच्च न्यायालय ने उच्चतम न्यायालय के विभिन्न फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि पत्नी को पति के सामाजिक और आर्थिक स्तर के अनुरूप जीवन जीने का अधिकार है। भरण-पोषण पाने के लिए उसका पूरी तरह बेसहारा या निराश्रित होना अनिवार्य नहीं है। अदालत ने स्पष्ट किया कि गुजारा भत्ते की राशि तय करते समय दोनों पक्षों की आर्थिक स्थिति का संतुलन आवश्यक है। रकम इतनी अधिक नहीं होनी चाहिए कि पति पर असहनीय बोझ पड़े और न ही इतनी कम होनी चाहिए कि पत्नी को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़े। इसी आधार पर अदालत ने 25,000 रुपये प्रतिमाह के भरण-पोषण को उचित मानते हुए दोनों पक्षों की याचिकाओं को खारिज कर दिया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X