शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
एमपी:शहडोल में पुलिस की गश्त देखकर तालाब में कूदे चार युवक, तीन की डूबने से मौत; एक की हालत गंभीर – Four Youths Jumped Into A Pond After Seeing Police Patrolling, Three Died And One Is Serious
शहडोल

एमपी:शहडोल में पुलिस की गश्त देखकर तालाब में कूदे चार युवक, तीन की डूबने से मौत; एक की हालत गंभीर – Four Youths Jumped Into A Pond After Seeing Police Patrolling, Three Died And One Is Serious

November 9, 2026


शहडोल शहर के बीचोंबीच स्थित चौपाटी के पीछे तालाब में सोमवार शाम बड़ा हादसा हो गया। पुलिस की गश्त देखकर चार युवक अचानक तालाब में कूद गए। इनमें से एक युवक किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया, जबकि तीन युवक गहरे पानी में डूब गए। एसडीईआरएफ की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद तीनों को अचेत अवस्था में बाहर निकाला। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं, बाहर निकला एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है।

प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, घटना सोमवार शाम करीब 7:30 से 7:45 बजे के बीच हुई। बताया जा रहा है कि चारों युवक तालाब के पास मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस की गश्त देखकर उन्होंने अचानक तालाब में छलांग लगा दी। आखिर चारों युवक पुलिस को देखकर क्यों भागे और उन्हें तालाब में कूदने की नौबत क्यों आई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

पढ़ें: सिवनी-कटनी अग्निकांड के बाद पटवारी का सरकार पर हमला, बोले- हादसों ने खोल दी अग्निशमन व्यवस्था की पोल

घटना की सूचना मिलते ही सोहागपुर और कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। तीन युवकों के डूबने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ बढ़ने और तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। इस बीच एसडीईआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर तीनों युवकों को बाहर निकाला। इसके बाद एक युवक को मोटरसाइकिल और दो को पुलिस वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

मृतकों की पहचान समीर बंशकार, गौरव बंशकार और दुर्गेश बंशकार के रूप में हुई है। तीनों घरौला मोहल्ले के निवासी थे। वहीं, पुष्पेंद्र उर्फ पंकज घायल है। उसका जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

अस्पताल में डॉक्टर नहीं मिलने का आरोप, परिजनों ने किया हंगामा

अस्पताल पहुंचने पर परिजनों ने डॉक्टरों की अनुपस्थिति का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। उनका कहना था कि पुलिस की मौजूदगी में तीनों युवकों को अस्पताल लाया गया, लेकिन उस समय डॉक्टर मौजूद नहीं थे। मामले की जानकारी मिलने पर तहसीलदार भी अस्पताल पहुंचे। सीएसपी राजेंद्र मोहन दुबे ने बताया कि चार युवक तालाब में कूदे थे। इनमें से एक बाहर निकल आया, जबकि तीन की डूबने से मौत हो गई। एक अन्य युवक की हालत गंभीर है और उसका उपचार जारी है। युवकों के तालाब में कूदने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X