रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
कम उम्र में भी हो सकती है पार्किंसंस बीमारी! डॉक्टर से जानें इसके शुरुआती संकेत – Parkinson’s Disease In Young Adults: Early Signs You Should Never Ignore
फिटनेस

कम उम्र में भी हो सकती है पार्किंसंस बीमारी! डॉक्टर से जानें इसके शुरुआती संकेत – Parkinson’s Disease In Young Adults: Early Signs You Should Never Ignore

November 23, 2026


Parkinson’s Disease in Young Adults: पार्किंसंस बीमारी का नाम सुनते ही ज्यादातर लोगों के मन में बुजुर्गों की तस्वीर उभरती है। आमतौर पर इसे बढ़ती उम्र से जुड़ी बीमारी माना जाता है, लेकिन अब कम उम्र में भी इसके मामले सामने आ रहे हैं। 40 से 50 वर्ष की उम्र के आसपास हाथों में कंपन, मांसपेशियों में अकड़न, चलने की गति धीमी होना और लिखावट छोटी होने जैसे बदलाव इस बीमारी के शुरुआती संकेत हो सकते हैं। कई बार लोग इन लक्षणों को तनाव, थकान या नींद की कमी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे बीमारी की पहचान में देरी हो सकती है। 

सीनियर कंसल्टेंट न्यूरोलॉजिस्ट एवं यूनिट हेड, क्लिनिकल लीड डॉ. नेहा पंडिता के मुताबिक, पार्किंसंस का फिलहाल कोई स्थायी इलाज नहीं है, लेकिन समय पर पहचान, दवाओं, फिजियोथेरेपी और नियमित व्यायाम से इसके लक्षणों को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है। आइए जानते हैं कम उम्र में पार्किंसंस होने के कारण, शुरुआती लक्षण और बचाव व उपचार से जुड़ी जरूरी बातें।

Parkinson's Disease in Young Adults: Early Signs You Should Never Ignore

हाथों में कंपन और अकड़न को न करें नजरअंदाज
– फोटो : AI

 कम उम्र में पार्किंसंस: जानिए बीमारी के लक्षण और जरूरी बातें

 क्या है यंग-ऑनसेट पार्किंसंस डिजीज?

डॉ. नेहा के मुताबिक, पार्किंसंस एक न्यूरोलॉजिकल बीमारी है, जो मस्तिष्क में डोपामाइन बनाने वाली तंत्रिका कोशिकाओं के प्रभावित होने के कारण होती है। डोपामाइन शरीर की गतिविधियों को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। आमतौर पर यह बीमारी 60 वर्ष के बाद देखने को मिलती है, लेकिन जब इसके लक्षण 50 वर्ष की उम्र से पहले शुरू होते हैं, तो इसे यंग-ऑनसेट पार्किंसंस डिजीज कहा जाता है। कम उम्र में बीमारी होने पर मरीज को लंबे समय तक इसका प्रबंधन करना पड़ सकता है।

Parkinson's Disease in Young Adults: Early Signs You Should Never Ignore

हाथों में कंपन और अकड़न को न करें नजरअंदाज
– फोटो : AI

हाथों में कंपन हो सकता है शुरुआती संकेत

पार्किंसंस का सबसे पहचाना जाने वाला लक्षण हाथों या शरीर के किसी हिस्से में कंपन होना है। खासकर जब हाथ आराम की स्थिति में हो, तब कंपन ज्यादा महसूस हो सकता है।

हालांकि, हर मरीज में कंपन होना जरूरी नहीं है। कुछ अन्य शुरुआती संकेत भी हो सकते हैं:

  •  हाथ या कंधे में लगातार अकड़न।
  • चलने की गति धीमी होना।
  • चलते समय एक हाथ का कम हिलना।
  •  लिखावट पहले से छोटी हो जाना।
  • शर्ट के बटन लगाने या छोटे काम करने में परेशानी।
  • शरीर का संतुलन और तालमेल प्रभावित होना।

कंपन के अलावा भी दिखते हैं ये लक्षण

पार्किंसंस केवल शरीर की गतिविधियों को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि इसके गैर-मोटर लक्षण भी हो सकते हैं। कई बार ये लक्षण शारीरिक बदलावों से पहले दिखाई देने लगते हैं।

इनमें शामिल हैं:

  •  सूंघने की क्षमता कम होना।
  •  कब्ज की समस्या।
  •  नींद में परेशानी।
  • बेचैनी और चिंता।
  • अवसाद या मूड में बदलाव।
  •  दिनभर थकान महसूस होना।

इन लक्षणों के दूसरे कारण भी हो सकते हैं। इसलिए केवल इनके आधार पर पार्किंसंस का निष्कर्ष नहीं निकालना चाहिए।

Parkinson's Disease in Young Adults: Early Signs You Should Never Ignore

हाथों में कंपन और अकड़न को न करें नजरअंदाज
– फोटो : AI

कम उम्र में बीमारी होने पर बढ़ जाती हैं चुनौतियां

40 या 45 वर्ष की उम्र में पार्किंसंस का पता चलना किसी व्यक्ति के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण हो सकता है। इस उम्र में ज्यादातर लोग अपने करियर, बच्चों की परवरिश और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियां निभा रहे होते हैं। ऐसे में उनके सामने कई सवाल खड़े होते हैं। क्या वे पहले की तरह नौकरी कर पाएंगे? क्या परिवार की जिम्मेदारियां निभा सकेंगे? क्या भविष्य में आत्मनिर्भर रह पाएंगे? इसके अलावा, समाज में पार्किंसंस को बुजुर्गों की बीमारी मानने की धारणा के कारण कम उम्र के मरीजों को अपनी समस्या समझाने में भी परेशानी हो सकती है।

समय पर पहचान और इलाज है जरूरी

पार्किंसंस का फिलहाल कोई स्थायी इलाज उपलब्ध नहीं है, लेकिन सही उपचार से इसके लक्षणों को नियंत्रित करने और जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाए रखने में मदद मिल सकती है। इसके लिए डॉक्टर मरीज की उम्र, लक्षणों और स्वास्थ्य की स्थिति के अनुसार उपचार की योजना बनाते हैं।

  •  दवाएं: डोपामाइन की कमी से जुड़े लक्षणों को नियंत्रित करने में मदद करती हैं।
  •  फिजियोथेरेपी: मांसपेशियों की मजबूती और शरीर की गतिशीलता बनाए रखने में सहायक है।
  •  नियमित व्यायाम: संतुलन, लचीलेपन और शारीरिक क्षमता को बेहतर बनाए रखने में मदद करता है।
  •  न्यूरोलॉजिस्ट से परामर्श: बीमारी के लक्षणों में बदलाव के अनुसार इलाज में जरूरी संशोधन करने में मदद मिलती है।
Parkinson's Disease in Young Adults: Early Signs You Should Never Ignore

हाथों में कंपन और अकड़न को न करें नजरअंदाज
– फोटो : AI

कब डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए?

डॉ. नेहा पंडिता की मानें तो अगर हाथों में लगातार कंपन, मांसपेशियों में अकड़न, चलने की गति धीमी होने या शरीर के तालमेल में बदलाव जैसी समस्याएं महसूस हो रही हैं, तो इन्हें नजरअंदाज न करें। खासकर जब ये बदलाव बिना किसी स्पष्ट कारण के लगातार बने रहें या बढ़ने लगें, तो न्यूरोलॉजिस्ट से परामर्श लेना चाहिए। समय पर जांच कराने से समस्या की सही वजह पता लगाने और उचित उपचार शुरू करने में मदद मिलती है।

महत्वपूर्ण: हर तरह का कंपन पार्किंसंस नहीं होता। बीमारी की पुष्टि चिकित्सकीय जांच के बाद ही की जा सकती है।

———-

नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X