रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
कहां चली गई मां?:उज्जैन स्टेशन पर पुकारते रहे दो मासूम, भाई रोया तो नन्हीं बहन ने सिर पर हाथ फेरकर चुप कराया – Heartbreaking! baby cried for milk, sister kept calling maa… mother left both alone at ujjain station
उज्जैन

कहां चली गई मां?:उज्जैन स्टेशन पर पुकारते रहे दो मासूम, भाई रोया तो नन्हीं बहन ने सिर पर हाथ फेरकर चुप कराया – Heartbreaking! baby cried for milk, sister kept calling maa… mother left both alone at ujjain station

November 15, 2026


रेलवे स्टेशन पर रोज हजारों लोग आते-जाते हैं। कोई ट्रेन पकड़ने आता है तो कोई अपनों को विदा करने। लेकिन शनिवार की रात उज्जैन रेलवे स्टेशन पर एक ऐसी घटना हुई, जिसने वहां मौजूद लोगों की आंखें नम कर दीं। प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बने मुसाफिरखाने में एक टेबल पर दो मासूम बच्चे अकेले सोते मिले। इनमें एक करीब 6-7 महीने का बेटा और दूसरी डेढ़ से दो साल की बेटी थी। दोनों को इस हालत में देखकर वहां मौजूद लोग भावुक हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नन्हीं बच्ची नींद में बार-बार मां… मां… पुकार रही थी। शुरुआत में लोगों को लगा कि मां बाथरूम गई होगी और थोड़ी देर में लौट आएगी। लेकिन 10 मिनट, 20 मिनट और फिर एक घंटा बीत गया। मां वापस नहीं आई। इसी बीच छोटा भाई भूख से रोने लगा। उसे रोता देख नन्हीं बहन ने उसके ऊपर अपना छोटा सा हाथ रखकर चुप कराने की कोशिश की। यह दृश्य देखकर मुसाफिरखाने में मौजूद लोगों की आंखें भर आईं।

किसी ने बच्चों को पानी पिलाया तो किसी ने बिस्कुट दिया, लेकिन दोनों मासूमों को मां की गोद का इंतजार था। सूचना मिलते ही जीआरपी थाना प्रभारी सुनील गुप्ता महिला पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने दोनों बच्चों को गोद में उठाया और अस्पताल लेकर गए। वहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। डॉक्टरों ने बच्चों को स्वस्थ बताया। इसके बाद रात में ही दोनों मासूमों को मातृछाया संस्था के संचालक मनीष बैरागी की देखरेख में सौंप दिया गया। फिलहाल दोनों बच्चे मातृछाया में सुरक्षित हैं।

सीसीटीवी फुटेज में महिला की तलाश कर रही पुलिस

अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि बच्चों को छोड़कर जाने वाली महिला कौन थी, कहां की रहने वाली थी और उसने ऐसा कदम क्यों उठाया। क्या वह किसी मजबूरी में बच्चों को छोड़कर गई या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है? इन सवालों के जवाब तलाशने के लिए जीआरपी पुलिस स्टेशन परिसर और पार्सल गोदाम के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। कैमरों का एक्सेस आरपीएफ के पास होने के कारण जीआरपी फुटेज की जांच में आरपीएफ की मदद ले रही है।

स्टेशन पर हर किसी की जुबां पर एक ही सवाल

घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद लोगों के बीच एक ही सवाल चर्चा का विषय बना रहा कि आखिर कोई मां अपने मासूम बच्चों को इस तरह कैसे छोड़ सकती है? हालांकि, इस सवाल के साथ एक दूसरा सवाल भी है कि क्या कोई मां अपनी मर्जी से अपने बच्चों से दूर जा सकती है? संभव है कि महिला के पीछे कोई ऐसी मजबूरी या दर्दनाक कहानी हो, जो अभी सामने नहीं आई है।

जीआरपी थाना प्रभारी सुनील गुप्ता ने बताया कि शनिवार रात सूचना मिली थी कि एक महिला मुसाफिरखाने में दो बच्चों को छोड़कर चली गई है। दोनों बच्चे लावारिस हालत में टेबल पर लेटे मिले थे। पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर गई और मेडिकल परीक्षण कराया। फिलहाल महिला की तलाश की जा रही है। उसका पता चलने पर बच्चों को उनके माता-पिता तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

फिलहाल दोनों मासूम मातृछाया में सुरक्षित हैं। उन्हें दूध और खाना मिल रहा है, देखभाल भी हो रही है, लेकिन जिस मां की गोद के लिए वे बार-बार पुकार रहे हैं, उसका इंतजार अब भी खत्म नहीं हुआ है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X