सरकारी पेंशनभोगियों को अब जीवित प्रमाण पत्र जमा करने के लिए बैंक या कोषागार के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पांच से 30 नवंबर तक चलने वाले राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान के तहत जिले के 43 हजार से अधिक पेंशनर स्मार्टफोन से घर बैठे ऑनलाइन प्रमाण पत्र जमा कर सकेंगे।
आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन से उनकी पहचान की जाएगी। जिले के 110 सरकारी विभागों में पेंशनर हैं। इनमें सबसे अधिक संख्या पुलिस, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग की है। नियमानुसार प्रत्येक पेंशनर को साल में एक बार जीवित प्रमाण पत्र जमा करना अनिवार्य है। पहले इसके लिए कलक्ट्रेट स्थित मुख्य कोषागार या संबंधित बैंक शाखा जाना पड़ता था।