बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बुलंदशहर

कार्तिक पूर्णिमा मेला:गंगा की रेती में बसने लगा तंबुओं का शहर, तैयारियां तेज – Kartik Purnima Fair: A Tent City Begins To Take Shape On The Sandy Banks Of The Ganges; Preparations Intensify

November 18, 2026


अनूपशहर। कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले को लेकर अनूपशहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। 21 नवंबर से शुरू होने वाले 10 दिवसीय मेले के लिए गंगा की रेती में तंबुओं का शहर बसने लगा है। घाटों से लेकर नगर के बाजार और गंगा किनारे तक करीब पांच किलोमीटर के दायरे में मेले की रौनक दिखाई देने लगी है। मीना बाजार, खानपान, कपड़े और घरेलू सामान की दुकानें सजने लगी हैं। वहीं, श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए झूले और अन्य साधन भी लगाए जा रहे हैं। जिला प्रशासन और नगर पालिका ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।

मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग के लिए पांच स्थानों पर व्यवस्था की गई है। इस बार गंगा स्नान दो धाराओं में होगा। इसके लिए दोनों धाराओं को जोड़ने के लिए अस्थायी पुल तैयार किया गया है। जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। मेले में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और चिकित्सा सुविधाओं के इंतजाम किए जा रहे हैं।

सुरक्षा के लिहाज से वॉच टावर, ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से पूरे मेला क्षेत्र पर नजर रखी जाएगी। बबस्टरगंज स्थित कांती प्रकाश सरस्वती शिशु मंदिर में मुख्य मेला कंट्रोल रूम और मेला कोतवाली बनाई गई है। इसके अलावा मस्तराम घाट और गंगा पुल की रेती में भी कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। नगर पालिका कार्यालय में खोया-पाया केंद्र बनाया गया है।

नगर पालिका अध्यक्ष ब्रजेश गोयल ने बताया कि मेले के उद्घाटन तक श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े अधिकांश इंतजाम पूरे कर लिए जाएंगे। 24 नवंबर को मुख्य गंगा स्नान होगा। नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी गार्गी त्यागी ने बताया कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस बार मेला क्षेत्र का विस्तार कर गंगा पुल के नीचे करीब 30 बीघा जमीन भी शामिल की गई है। 20 से 25 नवंबर तक आयोजित होने वाले पांच दिवसीय मेले के बेहतर संचालन के लिए पहली बार पूरे क्षेत्र को 17 ब्लॉकों में बांटा गया है।

100 से अधिक सफाईकर्मियों की लगाई ड्यूटी

मेले में स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं के लिए आठ मोबाइल टॉयलेट और 20 अस्थायी शौचालय लगाए गए हैं। पेयजल के लिए गंगा की रेती में दो सबमर्सिबल पंप और आठ अस्थायी नल स्थापित किए गए हैं। मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए रोस्टर के अनुसार 100 से अधिक कर्मचारियों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही अलीगढ़ तिराहे और गंगा की रेती में भव्य प्रवेश द्वार बनाए जा रहे हैं। पालिका प्रशासन का दावा है कि 20 नवंबर से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।

अनूपशहर में तीन दिन बंद रहेंगे शिक्षण संस्थान

कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु के आगमन व भीड़ के मद्देनजर प्रशासन ने नगर क्षेत्र के सभी स्कूलों में तीन दिन का अवकाश घोषित किया है। जिला विद्यालय निरीक्षक विनय ने नगर क्षेत्र के सभी सरकारी, अर्धसरकारी, वित्तविहीन, निजी व अन्य बोर्डों के स्कूलों के प्रधानाचार्य को अवकाश संबंधी आदेश जारी कर दिया है। अनूपशहर कस्बे के सभी विद्यालयों में 23, 24 और 25 नवंबर को अवकाश रहेगा।

अहार, कर्णवास और नरौरा में भी मेले की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार

अहार, कर्णवास और नरौरा में लगने वाले कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। गंगा घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इंतजाम किए जा रहे हैं। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए संबंधित विभागों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। घाटों पर स्नान के दौरान सुरक्षा के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। वहीं, मेला क्षेत्रों में दुकानों और अस्थायी बाजारों को सजाने की तैयारी भी शुरू हो गई है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X