क्या खाने से बढ़ता है कोलेजन? बाल-स्किन को डैमेज से बचाने के लिए कैसा हो डाइट, एक्सपर्ट से जानें
कोलेजन त्वचा और बालों की सेहत के लिए बेहद जरूरी प्रोटीन है. ये त्वचा को कसाव देने, उसकी लचक बनाए रखने और बालों को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाता है. वैसे तो हमारा शरीर प्राकृतिक रूप से कोलेजन बनाता है, लेकिन उम्र बढ़ने, खराब खानपान, धूप और बदलती लाइफस्टाइल के कारण इसका उत्पादन धीरे-धीरे कम होने लगता है. इसका असर चेहरे पर झुर्रियों, त्वचा के ढीलेपन और बालों की कमजोरी के रूप में दिखाई दे सकता है.
लेकिन रेडक्लिफ लैब्स की न्यूट्रिशनिस्ट, दीपिका लालवानी बताती हैं कि सही खानपान से भी शरीर को कोलेजन बनाने के लिए जरूरी पोषक तत्व मिल सकते हैं. डाइट में कुछ खास खाद्य पदार्थ शामिल करके कोलेजन के निर्माण और मौजूदा कोलेजन को सुरक्षित रखने में मदद मिल सकती है. आइए जानते हैं कि इसके लिए क्या खाना चाहिए और किन चीजों से दूरी बनानी चाहिए.
कोलेजन बढ़ाने के लिए डाइट में शामिल करें ये चीजें
प्रोटीन रिच फूड्स
कोलेजन बनाने के लिए शरीर को अमीनो एसिड की जरूरत होती है. इसके लिए डाइट में अंडे, मछली, चिकन, पनीर, दही, दाल, राजमा, चना और सोया शामिल करें. ये सभी प्रोटीन के अच्छे स्रोत हैं और शरीर को कोलेजन बनाने के लिए जरूरी पोषण देते हैं.
विटामिन C वाले फल और सब्जियां
कोलेजन के निर्माण में विटामिन C की अहम भूमिका होती है. इसकी कमी होने पर शरीर ठीक से कोलेजन नहीं बना पाता. इसलिए रोजाना आंवला, अमरूद, संतरा, नींबू, कीवी, स्ट्रॉबेरी और शिमला मिर्च जैसी चीजें खाएं.
जिंक और कॉपर वाले फूड्स
कोलेजन के निर्माण और त्वचा की मरम्मत के लिए जिंक और कॉपर भी जरूरी हैं. इनकी पूर्ति के लिए कद्दू के बीज, तिल, काजू, काबुली चना और साबुत अनाज को अपनी डाइट का हिस्सा बनाएं।.
हेल्दी फैट्स का करें सेवन
अखरोट, अलसी, चिया सीड्स और सैल्मन या सार्डिन जैसी मछलियों में ओमेगा-3 फैटी एसिड पाया जाता है. ये त्वचा को स्वस्थ रखने और स्कैल्प की सेहत सुधारने में मदद करते हैं.
रंग-बिरंगे फल और सब्जियां खाएं
टमाटर, गाजर, पालक, चुकंदर और पपीता एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होते हैं. ये शरीर को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद करते हैं. इससे त्वचा में मौजूद कोलेजन को सुरक्षित रखने में मदद मिलती है.
कोलेजन को नुकसान पहुंचाने वाली चीजों से बचें
– ज्यादा चीनी और रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट खाने से बचें.
– बहुत ज्यादा प्रोसेस्ड और तली हुई चीजें न खाएं.
– शराब और धूम्रपान से दूरी बनाएं.
– क्रैश डाइटिंग न करें.
– बालों पर बार-बार हेयर ड्रायर का इस्तेमाल न करें.
लाइफस्टाइल भी है जरूरी
सिर्फ अच्छी डाइट लेने से त्वचा और बालों की सेहत पूरी तरह बेहतर नहीं हो सकती. इसके लिए पर्याप्त नींद लेना, तनाव कम करना और त्वचा को धूप से बचाना भी जरूरी है. सूरज की UV किरणें त्वचा में मौजूद कोलेजन को नुकसान पहुंचा सकती हैं. इसलिए बाहर निकलते समय सनस्क्रीन का इस्तेमाल करें. एक्सपर्ट के मुताबिक, कोलेजन एक बड़ा प्रोटीन अणु है, जिसे त्वचा या आंतें सीधे अवशोषित नहीं कर सकती. इसलिए कोलेजन युक्त चीजें खाने के बजाय शरीर को इसके निर्माण के लिए जरूरी पोषक तत्व देना ज्यादा महत्वपूर्ण है. संतुलित डाइट अपनाकर शरीर को प्राकृतिक रूप से कोलेजन बनाने में मदद की जा सकती है.
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.
