खास खबर ::: जिले के 10 अस्पतालों में लगेंगी नई एक्सरे मशीनें – New X-ray Machines Will Be Installed In 10 Hospitals In The District
धर्मशाला। कांगड़ा जिले के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जिले के 10 स्वास्थ्य संस्थानों में नई एक्सरे मशीनें स्थापित की जाएंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
अब उन्हें एक्सरे जांच के लिए दूरदराज के अस्पतालों या निजी जांच केंद्रों का रुख नहीं करना पड़ेगा। स्वास्थ्य विभाग ने चयनित अस्पतालों में मशीनें उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
योजना के तहत क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला सहित नागरिक अस्पताल शाहपुर, नगरोटा बगवां, देहरा, डाडासीबा, नूरपुर और फतेहपुर में नई एक्सरे मशीनें लगेंगी। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तियारा, गोपालपुर और हरिपुर को भी नई मशीनें आवंटित की जाएंगी।
वर्तमान में कई ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को एक्सरे करवाने के लिए अन्य अस्पतालों में जाना पड़ता है जिससे समय और धन खर्च होते हैं। आपात स्थिति में लंबी दूरी तय करने से बुजुर्गों, महिलाओं और दुर्घटना में घायल मरीजों को खासी परेशानी होती है।
साथ ही सरकारी अस्पतालों में पुरानी मशीनों के खराब होने और तकनीकी दिक्कतों के कारण जांच प्रभावित हो रही थी। आधुनिक मशीनें स्थापित होने से मरीजों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में ही समय पर जांच और उपचार की सुविधा मिल सकेगी।
कांगड़ा जिले में जल्द ही 10 स्वास्थ्य संस्थानों में नई एक्सरे मशीनें स्थापित होंगी। इससे लोगों को काफी राहत मिलेगी। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। -डॉ. ओमेश भारती, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, कांगड़ा
