शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
गाड़ी की नंबर प्लेट टूट गई? घर बैठे ऐसे बनावाएं नई HSRP, जानिए फीस और प्रोसेस
ऑटो

गाड़ी की नंबर प्लेट टूट गई? घर बैठे ऐसे बनावाएं नई HSRP, जानिए फीस और प्रोसेस

November 14, 2026


Last Updated:

गाड़ी की HSRP नंबर प्लेट टूट गई है, मुड़ गई है या उसका नंबर मिटने लगा है? ऐसी स्थिति में आपको RTO के चक्कर लगाने या किसी स्थानीय दुकान से साधारण नंबर प्लेट बनवाने की जरूरत नहीं है. आप घर बैठे ऑनलाइन नई HSRP प्लेट बुक कर सकते हैं. जानिए आवेदन का पूरा स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस, किन दस्तावेजों की होगी जरूरत, कितनी लगेगी फीस और प्लेट लगवाते समय किन बातों का रखना होगा ध्यान.

ख़बरें फटाफट

गाड़ी की नंबर प्लेट टूट गई? घर बैठे ऐसे बनावाएं नई HSRP, जानिए फीस और प्रोसेसZoom

HSRP टूट गई है, तो ऐसे बनवाएं नई नंबर प्लेट.

How to Apply HSRP Number Plate: सड़क पर वाहन चलाते समय किसी दुर्घटना, मौसम या अन्य किसी कारण से गाड़ी की हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) का टूट जाना, मुड़ जाना या धुंधला पड़ जाना एक बेहद आम समस्या है. ऐसे में कई वाहन मालिक घबरा जाते हैं या अनजाने में किसी स्थानीय दुकान से साधारण नंबर प्लेट बनवाकर लगवा लेते हैं. लेकिन मोटर वाहन अधिनियम के तहत टूटी हुई या बिना मानक वाली नंबर प्लेट के साथ वाहन चलाना न केवल गैर-कानूनी है, बल्कि इसके लिए भारी चालान भी कट सकता है.

अच्छी बात ये है कि आपको नई HSRP प्लेट लगवाने के लिए RTO के चक्कर लगाने या एजेंटों की मदद लेने की कोई जरूरत नहीं है. सरकार ने इस पूरी प्रक्रिया को बेहद आसान और पूरी तरह ऑनलाइन कर रखा है. आप घर बैठे महज कुछ मिनटों में अपनी गाड़ी के लिए नई और आधिकारिक HSRP प्लेट ऑर्डर कर सकते हैं. आइए जानते हैं इसका स्टेप-बाय-स्टेप पूरा प्रोसेस क्या है?

क्या है प्रोसेस?

टूटी हुई नंबर प्लेट की जगह नई प्लेट मंगवाने के लिए सरकार द्वारा अधिकृत पोर्टल का इस्तेमाल करना सबसे सेफ और फॉर्मल तरीका है. इसके लिए आपको नीचे दिए गए स्टेप्स फॉलो करने होंगे-

  • ऑफिशियल वेबसाइट पर जाएं: सबसे पहले अपने राज्य के परिवहन विभाग की वेबसाइट bookmyhsrp.com पर जाएं.
  • विकल्प चुनें: होमपेज पर आपको ‘High Security Registration Plate with Colour Sticker’ का विकल्प दिखेगा. यदि आपकी केवल प्लेट टूटी है और स्टिकर सुरक्षित है, तो भी आप पूरा सेट या जरूरत के अनुसार केवल फ्रंट/रियर प्लेट के लिए आवेदन कर सकते हैं.
  • वाहन की जानकारी भरें: अब अपना राज्य चुनें और गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर, चेसिस नंबर के आखिरी 5 अंक और इंजन नंबर के आखिरी 5 अंक दर्ज करें. इसके बाद कैप्चा कोड डालकर सबमिट करें.
  • फिटमेंट लोकेशन और तारीख तय करें: जानकारी सत्यापित होने के बाद अपना नाम, ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर भरें. अब आप ये चुनें कि आप नंबर प्लेट किसी नजदीकी ऑटोमोबाइल डीलरशिप पर जाकर लगवाना चाहते हैं या होम डिलीवरी चाहते हैं. अपनी सुविधा के अनुसार तारीख और टाइम स्लॉट चुनें.
  • ऑनलाइन पेमेंट करें: अंत में निर्धारित शुल्क का भुगतान यूपीआई (UPI), नेट बैंकिंग या डेबिट/क्रेडिट कार्ड के माध्यम से करें. भुगतान सफल होते ही आपको एक रसीद (Acknowledgement Receipt) मिलेगी, जिसे डाउनलोड कर प्रिंट निकाल लें.

क्या ध्यान रखना है?

नई HSRP के आवेदन से लेकर प्लेट लगवाने तक कुछ जरूरी दस्तावेजों और नियमों का ध्यान रखना आवश्यक है, जो इस प्रकार हैं-

  1. जरूरी डॉक्यूमेंट: ऑनलाइन आवेदन करते समय किसी दस्तावेज को अपलोड करने की जरूरत नहीं होती, केवल गाड़ी की रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC) अपने पास रखें ताकि चेसिस और इंजन नंबर सही भरे जा सकें.
  2. फिटमेंट प्रोसेस: जब आप तय तारीख पर डीलरशिप सेंटर जाएं, तो अपने साथ ऑनलाइन भुगतान की रसीद और ओरिजिनल आरसी (RC) जरूर लेकर जाएं.
  3. सावधानियां: इंटरनेट पर कई फर्जी वेबसाइटें मौजूद हैं जो HSRP के नाम पर ठगी करती हैं. हमेशा SIAM की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ही अधिकृत पोर्टल पर जाएं.

चार्ज कितना है?

नई HSRP लगवाने का खर्च गाड़ी की कैटेगरी और राज्य के टैक्स नियमों के अनुसार थोड़ा अलग हो सकता है. सामान्य तौर पर दोपहिया वाहनों के लिए ये शुल्क 400 से 500 रुपये के बीच होता है, जबकि फोर व्हीलर के लिए 600 से 1,100 रुपये तक का खर्च आता है. होम डिलीवरी का विकल्प चुनने पर 100 से 250 रुपये तक का अतिरिक्त सुविधा शुल्क देना पड़ सकता है.

पुरानी प्लेट का क्या होगा?

प्लेट लगने के बाद सुरक्षा के लिहाज से आपकी पुरानी और टूटी हुई नंबर प्लेट को डीलरशिप द्वारा नष्ट (Destroy) कर दिया जाएगा, ताकि उसका कोई दुरुपयोग न हो सके. साथ ही, जब तक आपकी नई प्लेट लगकर तैयार नहीं हो जाती, तब तक आप पुलिस चेकिंग के दौरान ऑनलाइन आवेदन की रसीद दिखाकर चालान से बच सकते हैं.

authorimg
Ram Mohan MishraSenior Sub Editor

राम मोहन मिश्र डिजिटल मीडिया के ऑटोमोटिव जगत में सक्रिय पत्रकार हैं और 2021 से लगातार ऑटो जर्नलिज्म के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. वर्तमान में वे न्यूज़18 हिंदी में सीनियर सब-एडिटर के तौर पर ऑटो डेस्क संभाल रहे…

और पढ़ें

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X