गैर-मर्द से रिश्ता, फिर बच्चे को जन्म… अब सऊदी अरब में महिला को 100 कोड़ों की सजा
एक महिला रोजी-रोटी कमाने के लिए अपना देश छोड़कर हजारों किलोमीटर दूर सऊदी अरब पहुंची थी. घरों में काम करती थी, बच्चों की देखभाल करती थी और किसी तरह अपनी जिंदगी चला रही थी. फिर उसकी जिंदगी में एक मिस्री शख्स आया. दोनों के बीच रिश्ता बना. महिला गर्भवती हो गई. उसने एक बच्चे को जन्म दिया. लेकिन बच्चे के पैदा होते ही उसकी जिंदगी में ऐसा तूफान आया, जिसकी उसने शायद कल्पना भी नहीं की होगी.
केन्या की रहने वाली एस्थर वांजा मुथोनी को सऊदी अरब में शादी के बाहर संबंध बनाने और बच्चा पैदा करने के मामले में 100 कोड़ों की सजा सुनाई गई है. महिला सऊदी अरब में घरेलू कामगार के तौर पर काम कर रही थी. वह हाउसकीपर और नैनी का काम करती थी. इसी दौरान उसका एक मिस्री शख्स के साथ रिश्ता बना. इसी रिश्ते से वह गर्भवती हुई और उसने एक बच्चे को जन्म दिया. लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई. असली मुसीबत तो बच्चे के जन्म के बाद शुरू हुई.
बच्चा पैदा हुआ और खुल गया पूरा राज
मुथोनी ने अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया. यहीं से पूरा मामला अथॉरिटीज तक पहुंच गया. सऊदी अरब में अस्पतालों को शादी के बाहर बच्चे को जन्म देने वाली महिलाओं की जानकारी अधिकारियों को देने की जरूरत होती है. यानी जिस अस्पताल में एक मां अपने बच्चे को जन्म देने पहुंची थी, वहीं से उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई का रास्ता भी खुल गया.
मानवाधिकार कार्यकर्ताओं के अनुसार, ऐसे कई मामले सामने ही नहीं आ पाते. इसकी वजह यह है कि कई अविवाहित महिलाएं अस्पताल जाने से बचती हैं और घर पर ही बच्चों को जन्म देती हैं. डू बोल्ड संस्था की संस्थापक एकातेरिना पोराास सिवोलोबोवा का कहना है कि ज्यादातर महिलाएं घर पर बच्चे को जन्म देती हैं, इसलिए उनके मामले रिपोर्ट ही नहीं होते.
बच्चे का पिता देश छोड़ गया, मां अकेली फंस गई
मुथोनी ने बताया कि जिस मिस्री व्यक्ति से उसका रिश्ता था, वह सऊदी अरब छोड़कर चला गया. बच्चे के जन्म के बाद महिला के पास न उस व्यक्ति का साथ रहा और न ही अपनी स्थिति से निकलने का कोई आसान रास्ता. उधर, सऊदी कानून के तहत उसे सजा का सामना करना पड़ा.
पिछले महीने सुनाए गए फैसले के बाद अब मुथोनी को 100 कोड़ों की मार का डर सता रहा है. न्यूयॉर्क टाइम्स से बात करते हुए उसने अपनी बेबसी जाहिर की. उसका कहना था कि उसे डर है कि वह 100 कोड़ों की सजा झेल नहीं पाएगी. उसने कहा, ‘मैं इसके लायक नहीं हूं.’
महिला का सवाल- मेरा गुनाह इतना बड़ा?
यही सवाल अब मानवाधिकार संगठनों को भी परेशान कर रहा है. ब्रिटेन स्थित ह्यूमन राइट्स संगठन अल-कस्त ने इस सजा की कड़ी आलोचना की है. संगठन की कार्यकारी निदेशक मरियम अलदोसारी ने इसे महिलाओं के खिलाफ हिंसा बताया. उनका कहना है कि महिला को कोड़ों की सजा देने के बजाय उसे वापस केन्या भेजा जाना चाहिए था. मानवाधिकार संगठनों ने सऊदी अरब के उन दावों पर भी सवाल उठाए हैं, जिनमें देश को महिलाओं के लिए आधुनिक और सुधारवादी बताया जाता है. उनका सवाल है कि अगर महिलाओं के अधिकारों को लेकर इतना बड़ा बदलाव हो रहा है, तो एक मां को 100 कोड़ों की सजा क्यों दी जा रही है.
2020 में फ्लॉगिंग खत्म करने की कही थी बात
इस मामले को लेकर एक और उठ रहा है. दरअसल, अप्रैल 2020 में सऊदी अरब ने जुडिशियल पनिशमेंट के तौर पर फ्लॉगिंग यानी कोड़े मारने की सजा खत्म करने का ऐलान किया था. हालांकि यह बदलाव ताजीर अपराधों पर लागू हुआ था, जहां जज के पास सजा तय करने का अधिकार होता है. अल-कस्त के अनुसार, कुछ हुदूद अपराधों में फ्लॉगिंग की संभावना फिर भी बनी रही.
