रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
ग्यारस की आतिशबाजी से बिगड़ी हवा:भोपाल में एक्यूआई 70 अंक उछला, प्रदेश के 4 शहरों में 300 पार पहुंचा स्तर – Air Quality Worsens Due To Gyaras Fireworks: Aqi In Bhopal Jumps By 70 Points; Levels Cross 300 In 4 Cities Ac
सीहोर

ग्यारस की आतिशबाजी से बिगड़ी हवा:भोपाल में एक्यूआई 70 अंक उछला, प्रदेश के 4 शहरों में 300 पार पहुंचा स्तर – Air Quality Worsens Due To Gyaras Fireworks: Aqi In Bhopal Jumps By 70 Points; Levels Cross 300 In 4 Cities Ac

November 21, 2026


Air quality worsens due to Gyaras fireworks: AQI in Bhopal jumps by 70 points; levels cross 300 in 4 cities ac

एक्यूआई में बढ़ोतरी दर्ज

विस्तार

भोपाल में ग्यारस की आतिशबाजी के बाद हवा की गुणवत्ता पर असर दिखाई दिया है। शहर के तीनों प्रदूषण निगरानी केंद्रों पर एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) में बढ़ोतरी दर्ज की गई। पर्यावरण परिसर में महज सात घंटे के भीतर एक्यूआई 195 से बढ़कर 265 पहुंच गया। यानी इसमें 70 अंकों का उछाल आया। टीटी नगर में भी प्रदूषण बढ़ा और एक्यूआई 206 से 247 हो गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि राजधानी के किसी भी निगरानी केंद्र पर हवा का स्तर 300 के पार नहीं पहुंचा। प्रदेश के दूसरे शहरों में स्थिति ज्यादा खराब रही। ग्यारस की आतिशबाजी के बाद सिंगरौली, पीथमपुर, ग्वालियर और सागर के चार निगरानी केंद्रों पर एक्यूआई 300 के पार पहुंच गया। सिंगरौली में यह 358 दर्ज किया गया, जो प्रदेश के निगरानी केंद्रों में सबसे अधिक रहा। 20 नवंबर शाम 4:30 बजे और 21 नवंबर रात 12 बजे के आंकड़ों की तुलना में यह बदलाव सामने आया है। शाम को प्रदेश के 26 निगरानी केंद्रों में से एक पर भी एक्यूआई 300 से ऊपर नहीं था, लेकिन रात 12 बजे तक चार केंद्र वेरी पुअर श्रेणी में पहुंच गए। वहीं, 200 से अधिक एक्यूआई वाले केंद्रों की संख्या भी 9 से बढ़कर 13 हो गई।

भोपाल के तीनों केंद्रों पर बढ़ा प्रदूषण

राजधानी में पर्यावरण परिसर में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई। यहां एक्यूआई 195 से बढ़कर 265 हो गया। टीटी नगर में 206 से बढ़कर 247 और ईदगाह हिल्स में 145 से बढ़कर 157 दर्ज किया गया। पर्यावरण परिसर और टीटी नगर में हवा की गुणवत्ता पुअर श्रेणी में बनी रही। खास बात यह है कि पर्यावरण परिसर और टीटी नगर दोनों जगह पीएम-2.5 प्रमुख प्रदूषक रहा। इसका मतलब है कि हवा में मौजूद बेहद छोटे कणों की मात्रा चिंता का विषय बनी हुई है।

सिंगरौली में सबसे ज्यादा बिगड़े हालात, सागर में भी बड़ा उछाल

प्रदेश में सबसे खराब स्थिति सिंगरौली की रही। सूर्यकिरण भवन केंद्र पर एक्यूआई 237 से बढ़कर 358 पहुंच गया। सात घंटे में 121 अंकों की वृद्धि दर्ज हुई। पीथमपुर के सेक्टर-2 औद्योगिक क्षेत्र में एक्यूआई 277 से बढ़कर 318 हो गया। ग्वालियर के महाराज बाड़ा में यह 230 से बढ़कर 304 दर्ज किया गया। सागर के दीनदयाल नगर में सबसे चौंकाने वाला बदलाव सामने आया। यहां शाम को एक्यूआई महज 85 था, जो रात 12 बजे तक बढ़कर 315 पहुंच गया। यानी सात घंटे में 230 अंकों की बढ़ोतरी हुई। हालांकि, सागर के सिविल लाइंस केंद्र पर एक्यूआई 250 पर ही बना रहा।

हर शहर में एक जैसा नहीं रहा आतिशबाजी का असर

प्रदूषण के आंकड़ों में कुछ शहरों को राहत भी मिली। कटनी के गोल बाजार में एक्यूआई 265 से घटकर 117 रह गया। इंदौर के छोटी ग्वालटोली में यह 172 से घटकर 148 दर्ज हुआ। रीजनल पार्क में एक्यूआई 82 पर स्थिर रहा। मंडीदीप के सेक्टर-डी औद्योगिक क्षेत्र में भी यह 134 रहा।

यह भी पढ़ें-भोपाल में पीने के पानी के नेटवर्क में खतरा: पाइपलाइन के साथ बिछी हैं सीवर लाइनें,लीकेज हुआ तो मिलेगा गंदा पानी

पीएम-2.5 की मौजूदगी ने बढ़ाई चिंता

21 नवंबर रात 12 बजे के आंकड़ों में नौ शहरों के 16 निगरानी केंद्रों पर पीएम-2.5 प्रमुख प्रदूषक के रूप में दर्ज किया गया। इनमें भोपाल के पर्यावरण परिसर और टीटी नगर भी शामिल हैं। पीएम-2.5 के कण बेहद छोटे होते हैं और सांस के जरिए फेफड़ों के भीतर तक पहुंच सकते हैं। पटाखों के धुएं के अलावा वाहनों, औद्योगिक गतिविधियों और ईंधन जलने से भी ये कण हवा में पहुंचते हैं। ऐसे में प्रदूषण के स्तर में हुई पूरी बढ़ोतरी को केवल आतिशबाजी का नतीजा नहीं माना जा सकता, लेकिन ग्यारस की आतिशबाजी के बाद कई शहरों में हवा की गुणवत्ता में गिरावट जरूर दर्ज हुई है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X