Kushinagar News:16 केंद्रों पर 4148 ने दी नवोदय प्रवेश परीक्षा, 38 प्रतिशत अभ्यर्थी अनुपस्थित – 4,148 Candidates Took The Navodaya Entrance Exam Across 16 Centers; 38 Percent Of Candidates Were Absent
– नवोदय प्रवेश परीक्षा में 4148 ने दी परीक्षा, 2532 रहे अनुपस्थित
– 16 केंद्रों पर कड़ी निगरानी के बीच संपन्न हुई प्रवेश परीक्षा, 6680 अभ्यर्थियों ने कराया था पंजीकरण
– सभी 14 ब्लॉकों के परीक्षार्थी हुए शामिल, बालिकाओं की संख्या बालकों से 60 अधिक
पडरौना। जवाहर नवोदय विद्यालय की कक्षा छह में प्रवेश के लिए शनिवार को आयोजित प्रवेश परीक्षा कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिले के सभी 14 ब्लॉकों के अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया। कुल 4148 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 2532 अनुपस्थित रहे। खास बात यह रही कि परीक्षा में बालकों की अपेक्षा बालिकाओं की संख्या 60 अधिक रही। परीक्षार्थियों ने प्रश्नपत्र को सामान्य और आसान बताया, जबकि गणित और पर्यावरण के कुछ सवालों ने उन्हें उलझाया।
जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य ब्रजेश कुमार मिश्र ने बताया कि कक्षा छह की 80 सीटों पर प्रवेश के लिए आयोजित चयन परीक्षा (जेएनवीएसटी)-2027 में जिले से कुल 6680 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें 2044 बालक और 2104 बालिकाएं परीक्षा में शामिल हुईं। इस तरह कुल 4148 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 2532 अनुपस्थित रहे।
परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल की तैनाती के साथ स्थानीय प्रशासन की ओर से उड़नदस्ते गठित किए गए थे। जवाहर नवोदय विद्यालय के शिक्षकों को केंद्र स्तरीय पर्यवेक्षक (सीएलओ) की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
उदित नारायण इंटर कॉलेज पडरौना, हनुमान इंटर कॉलेज पडरौना और बुद्ध इंटर कॉलेज कुशीनगर समेत सभी परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों की भीड़ जुटने लगी थी। निर्धारित समय से पहले पहुंचे अभ्यर्थियों को प्रवेश द्वार पर जांच के बाद ही अंदर जाने दिया गया।
स्पीकअप
– कुल मिलाकर प्रश्नपत्र आसान था लेकिन पर्यावरण से जुड़े कुछ सवाल कठिन लगे। तीन प्रश्न हल नहीं कर पाया। हालांकि पेपर अच्छा हुआ है।
– शिवम शर्मा, परीक्षार्थी।
000000
प्रश्नपत्र अच्छा था लेकिन पर्यावरण के तीन प्रश्न छूट गए। गणित के सवाल कठिन थे कुछ प्रश्नों के उत्तर देने में अधिक समय लगा।
– आंचल चौरसिया, परीक्षार्थी।
000000
सभी प्रश्न सामान्य स्तर के थे लेकिन गणित के सवालों को हल करने में अपेक्षाकृत अधिक समय लगा। बाकी प्रश्न सामान्य थे। सभी प्रश्नों का उत्तर लिखा हूं।
– अनिकेत कुशवाहा, परीक्षार्थी।
000000
