ऑनलाइन ठगी के काले धन को ठिकाने लगाने वाले ‘म्यूल अकाउंट’ गिरोह पर पुलिस ने अलग-अलग थानों में एक ही दिन में 13 प्राथमिकियां दर्ज की हैं। जांच में सामने आया है कि चंद पैसों और कमीशन के लालच में कई लोगों ने अपने बैंक खाते, सिम कार्ड और यूपीआई आईडी साइबर अपराधियों के हवाले कर दिए। इन्हीं खातों के जरिये ठगी की मोटी रकम इधर से उधर भेजी जा रही थी।
फर्जी खातों से लेनदेन का पर्दाफाश
पुलिस टीमों ने आईसीआईसीआई, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, बैंक ऑफ वडोदरा, इंडसइंड और यूनियन बैंक समेत कई बैंकों के खातों के केवाईसी दस्तावेज और बैंक स्टेटमेंट की गहन छानबीन की। एनसीआरपी और समन्वय पोर्टल से प्राप्त तकनीकी और वित्तीय आंकड़ों ने इस पूरे खेल का पर्दाफाश कर दिया। जांच में पुख्ता सबूत मिले कि इन खातों में देश के अलग-अलग राज्यों के पीड़ितों का पैसा जमा कराया गया था।
ये भी पढ़ें: ग्वालियर: श्योपुर आदिवासी जमीन विवाद में हाईकोर्ट का सवाल- झूठे आंकड़े निकले तो अफसरों पर क्या कार्रवाई होगी?
शातिराना कार्यप्रणाली
इन म्यूल खातों की कार्यप्रणाली बेहद शातिराना थी। जैसे ही ठगी की राशि इन खातों में पहुंचती, वैसे ही एटीएम, यूपीआई या अन्य खातों के माध्यम से लगभग पूरी रकम निकालकर आगे स्थानांतरित कर दी जाती थी। इन खातों में नियमित कमाई या सामान्य घरेलू खर्च का कोई ब्योरा नहीं मिला। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई में खाताधारकों की संलिप्तता उजागर हुई है।
एक ही खाते पर आठ शिकायतें
चिंताजनक यह है कि यूनियन बैंक के एक खाते के खिलाफ ही आठ साइबर शिकायतें दर्ज मिलीं, जबकि एक अन्य खाते पर तीन शिकायतें सामने आईं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) समेत अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किए हैं। अब अधिकारी इस बात का पता लगा रहे हैं कि नेटवर्क के तार किन-किन राज्यों से जुड़े हैं और कुल कितने करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ है।