घर पर ही चमकाएं अपनी कार, सिर्फ 15 मिनट में नए जैसी दिखेगी, जानें आसान और सस्ता तरीका
Last Updated:
Car Wash At Home Tips: दरभंगा में लोग अब घर पर ही सिर्फ 15 मिनट में अपनी कार को नए जैसी चमका सकते हैं. दो बाल्टी, माइक्रोफाइबर कपड़ा और कार शैम्पू का सही उपयोग कर सर्विस सेंटर के खर्च बचाए जा सकते हैं. बताए गए 5 आसान स्टेप्स से कार को शोरूम जैसी चमक दी जा सकती है.
दरभंगा: अक्सर लोग अपनी कार धुलवाने के लिए सर्विस सेंटर या वाशिंग सेंटर जाते हैं, जहां 300 से 500 रुपये खर्च हो जाते हैं. लेकिन अगर आप कुछ आसान तरीकों को अपना लें तो अपनी कार को घर पर ही शोरूम जैसी चमका सकते हैं. आज हम आपको कार धुलाई का सबसे आसान और सही तरीका बता रहे हैं.
सबसे पहले जरूरी सामान इकट्ठा कर लें
कार धोने के लिए आपको दो बाल्टी, एक माइक्रोफाइबर कपड़ा, कार शैम्पू, पुराना मुलायम कपड़ा और एक स्प्रे बोतल की जरूरत होगी. भूलकर भी बर्तन धोने वाला साबुन या सर्फ का इस्तेमाल न करें, इससे कार का पेंट खराब हो जाता है.
स्टेप 1 – कार को पानी से भिगोएं:
सबसे पहले कार के ऊपर हल्का पानी डालें ताकि ऊपर जमी धूल और मिट्टी निकल जाए. तेज प्रेशर के पानी का इस्तेमाल सीधे न करें, पहले साधारण पानी से पूरी कार को गीला कर लें. इससे स्क्रैच पड़ने का डर नहीं रहता.
स्टेप 2 – दो बाल्टी वाला फॉर्मूला अपनाएं:
एक बाल्टी में साफ पानी और दूसरी बाल्टी में कार शैम्पू वाला पानी घोल लें. अब माइक्रोफाइबर कपड़े को शैम्पू वाले पानी में डुबोकर कार को ऊपर से नीचे की ओर साफ करें. हर बार कपड़ा गंदा होने पर उसे साफ पानी वाली बाल्टी में धो लें, इससे मिट्टी दोबारा कार पर नहीं लगेगी.
स्टेप 3 – छोटे हिस्सों की सफाई:
कार के टायर, शीशे और नंबर प्लेट को अलग से साफ करें. टायरों पर ज्यादा मिट्टी जमी होती है, इसलिए उनके लिए अलग कपड़ा इस्तेमाल करें. शीशों को साफ करने के लिए अखबार के कागज का इस्तेमाल भी कर सकते हैं, इससे शीशे एकदम साफ चमकते हैं.
स्टेप 4 – सुखाना सबसे जरूरी:
धुलाई के बाद कार को सीधे धूप में न छोड़ें. साफ और सूखे माइक्रोफाइबर कपड़े से पूरी कार को अच्छी तरह पोछकर सुखा लें. अगर पानी ऐसे ही सूखेगा तो सफेद निशान बन जाएंगे.
स्टेप 5 – अंदर की सफाई:
बाहर के साथ-साथ अंदर की डस्टिंग भी जरूरी है. डैशबोर्ड और सीटों को वैक्यूम क्लीनर या सूखे कपड़े से साफ करें. बस इन 5 आसान स्टेप्स को अपनाकर आप हर हफ्ते अपनी कार को घर पर ही नई जैसी चमका सकते हैं और पैसे भी बचा सकते हैं.

अमित रंजन वर्तमान में News18 में बिहार, झारखंड और दिल्ली से जुड़ी खबरों के समन्वय और संपादन का कार्य देख रहे हैं. खोजी पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है. राजनीति, शिक्षा, खेल, क्राईम और मौसम जैसे विषयों …
और पढ़ें
