घायल ने लगाया आरोप :अंडे की दुकान पर बहस के बाद स्कॉर्पियो चालकों से बाइक में मारी थी टक्कर – Injured Man Alleges: Following An Argument At An Egg Stall, Occupants Of A Scorpio Vehicle Rammed Their Car Into His Motorcycle
धानापुर। मोहरगंज में सड़क दुर्घटना में 18 वर्षीय एहसान की मौत चचेरे भाई 17 वर्षीय घायल सैफ ने रविवार को आरोप लगाया कि निमंत्रण से लौटते समय अंडे की दुकान पर दो युवकों से बहस के बाद उन्होंने स्कॉर्पियो से उनकी बाइक को टक्कर मारी थी।
सैफ ने धानापुर थाने में तहरीर देकर मामले की सीसीटीवी कैमरों की जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बभनियाव गांव निवासी सैफ अली पुत्र किताबुद्दीन ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 27 नवंबर की रात आठ बजे वह अपने चचेरे भाई एहसान के साथ ननिहाल से निमंत्रण के बाद बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में मोहरगंज स्थित दोनों भाई अंडे खाने के लिए रुक गए। आरोप है कि इसी दौरान काली स्कॉर्पियो में सवार दो अज्ञात लोगों से मोबाइल पर बात करने के लिए विवाद हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया।
सैफ ने आरोप लगाया कि दोनों भाई बाइक से घर के लिए रवाना हो गए। खरखौलियां गांव के पास वही स्कॉर्पियो सवार पीछे से आए और बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। भाग गए। हादसे में दोनों भाई सड़क पर गिरकर घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एहसान की इलाज के दौरान मौत हो गई।
सैफ ने आरोप लगाया कि पहले हुए विवाद की रंजिश में स्कॉर्पियो सवार लोगों ने जानबूझकर बाइक में टक्कर मारी। उसने पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की पहचान करने, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक संजय ओझा ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
