रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
जबलपुर:भोपाल ऐशबाग जर्जर आवास मामले में हाईकोर्ट ने निपटाई याचिका, 7 दिन रैन बसेरे में रहने की अनुमति – Jabalpur: High Court Resolves Plea Over Demolition Of Bhopal Homes, Allows Petitioner 7 Days In Shelter
जबलपुर

जबलपुर:भोपाल ऐशबाग जर्जर आवास मामले में हाईकोर्ट ने निपटाई याचिका, 7 दिन रैन बसेरे में रहने की अनुमति – Jabalpur: High Court Resolves Plea Over Demolition Of Bhopal Homes, Allows Petitioner 7 Days In Shelter

November 26, 2026


भोपाल के ऐशबाग क्षेत्र स्थित हाउसिंग बोर्ड के जर्जर ईडब्ल्यूएस जनता आवासों के ध्वस्तीकरण से जुड़े मामले में मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने याचिका का निराकरण कर दिया है। जस्टिस विशाल मिश्रा की एकलपीठ ने याचिकाकर्ता मोहम्मद हाफिज खान को सात दिनों तक रैन बसेरे में रहने की अनुमति दी है। कोर्ट ने कलेक्टर द्वारा निर्धारित 1400 रुपये मासिक किराया देने के निर्देश भी दिए हैं।

भोपाल के जनता कॉलोनी निवासी मोहम्मद हाफिज खान ने याचिका दायर कर अपने मकान नंबर 465 को तोड़ने की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की थी। याचिका में कहा गया था कि हाउसिंग बोर्ड और नगर निगम ने कॉलोनी के मकानों को जर्जर घोषित किया है और सोमवार 23 नवंबर को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है।

1986 में बने थे 600 जनता क्वार्टर

सुनवाई के दौरान हाउसिंग बोर्ड और भोपाल नगर निगम की ओर से बताया गया कि संबंधित मकानों का निर्माण वर्ष 1986 में हुआ था। समय के साथ ये मकान काफी जर्जर हो चुके हैं और उनमें रहने वाले लोगों की सुरक्षा को खतरा है। योजना के तहत कुल 600 जनता क्वार्टर बनाए गए थे। इनमें से 110 क्वार्टर ही पात्र आवंटियों को आवंटित किए जा सके, जबकि शेष पर अतिक्रमण है। अतिक्रमण हटाने के लिए कई बार प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिली।

नगर निगम ने फोटोग्राफ के साथ पेश की गई रिपोर्ट में मकानों की जर्जर स्थिति का उल्लेख किया। बताया गया कि वर्ष 2016 से ही ध्वस्तीकरण के लिए नोटिस जारी किए जा रहे हैं। स्थानीय निवासियों को समझाने के लिए शिविर भी लगाए गए थे।

पुनर्निर्माण के बाद वैध आवंटियों को मिलेगा आवास

हाउसिंग बोर्ड ने अदालत को बताया कि कॉलोनी के पुनर्निर्माण की योजना प्रस्तावित है। इसके तहत वैध आवंटियों को उनके वर्तमान कब्जे वाले क्षेत्र के अतिरिक्त 20 प्रतिशत निर्माण की सुविधा देने का प्रस्ताव है। निर्माण पूरा होने और दोबारा कब्जा मिलने तक वैकल्पिक आवास के लिए किराया देने की पेशकश भी की गई है।

ये भी पढ़ें: सीहोर: रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उजाड़ दिया परिवार, बाइक को मारी टक्कर, प्रधानाध्यापक की मौत, महिला गंभीर

याचिकाकर्ता की ओर से कहा गया कि कलेक्टर द्वारा प्रस्तावित 1200 से 1500 रुपये मासिक किराया मौजूदा बाजार दरों के मुकाबले काफी कम है। उचित किराया तय होने के बाद ही मकान तोड़ने की मांग की गई। इस पर हाउसिंग बोर्ड ने कलेक्टर और याचिकाकर्ता के साथ बैठक कर किराया तय करने पर सहमति जताई थी।

599 मकान तोड़े जा चुके, याचिकाकर्ता का मकान बचा था

बुधवार को हुई सुनवाई में सरकार की ओर से बताया गया कि कॉलोनी के 600 में से 599 मकान ध्वस्त किए जा चुके हैं और याचिकाकर्ता का मकान ही शेष है। कलेक्टर ने 167 वर्गफुट क्षेत्रफल वाले इस मकान के लिए 1400 रुपये प्रतिमाह किराया निर्धारित किया है।

सभी पक्षों को सुनने के बाद एकलपीठ ने याचिका का निराकरण कर दिया। साथ ही याचिकाकर्ता को सात दिनों तक रैन बसेरे में रहने की अनुमति देते हुए कलेक्टर द्वारा निर्धारित किराया देने के निर्देश दिए।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X