सोमवार, 16 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
जयपुर:खेत में सिंचाई के दौरान करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत, बचाने दौड़ा बेटा भी चपेट में आया – Jaipur Bassi Father Son Die Electric Shock Irrigation Field Naya Palka
जयपुर

जयपुर:खेत में सिंचाई के दौरान करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत, बचाने दौड़ा बेटा भी चपेट में आया – Jaipur Bassi Father Son Die Electric Shock Irrigation Field Naya Palka

November 16, 2026


राजस्थान के जयपुर जिले के बस्सी क्षेत्र में रविवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। नया पालका गांव में खेत में सिंचाई कर रहे पिता-पुत्र की करंट लगने से मौत हो गई। खेत की मेड़ पर लगे नीम के पेड़ की टहनियां 33 केवी बिजली लाइन के तारों को छू रही थीं। इससे खेत में भरे पानी में करंट फैल गया। हादसे में 62 वर्षीय सोहनलाल धाकड़ और उनके 40 वर्षीय बेटे गोपाल लाल धाकड़ की जान चली गई। घटना के बाद बस्सी थाना पुलिस दोनों को बस्सी उप जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पिता को करंट लगता देख बचाने दौड़ा बेटा, दोनों की मौत

प्रत्यक्षदर्शी गोवर्धन लाल धाकड़ के अनुसार, सोहनलाल धाकड़ और उनके बेटे गोपाल लाल खेत में पानी लगा रहे थे। इसी दौरान खेत की मेड़ के पास लगे नीम के पेड़ की टहनियां 33 केवी बिजली लाइन के तारों के संपर्क में आ गईं। इससे खेत में भरे पानी में करंट फैल गया। सिंचाई के दौरान सोहनलाल पानी में गिर गए और करंट की चपेट में आ गए। पिता को तड़पता देख उनका बेटा गोपाल लाल उन्हें बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन वह भी पानी में फैले करंट की चपेट में आ गया। इस तरह दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गोवर्धन लाल ने तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी। इसके बाद पावर हाउस में फोन कर बिजली आपूर्ति बंद करवाई गई। सूचना मिलने पर बस्सी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को बस्सी उप जिला अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, सोमवार को होगा पोस्टमार्टम

बस्सी थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सोमवार सुबह दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराएगी। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।

मृतक के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, आर्थिक सहायता की मांग

इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक गोपाल लाल की एक बेटी दसवीं कक्षा में पढ़ती है, जबकि उनका 11 साल का बेटा पूरी तरह दिव्यांग है। पिता-पुत्र की मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। गांव के लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X