रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
जहरीली शराब कांड में एक और मौत:डेढ़ महीने से जिंदगी-मौत के बीच जूझ रहे राकेश ने तोड़ा दम, मृतकों की संख्या 14 – Another Death In Poisonous Liquor Case: Rakesh, Who Had Been Battling For Life For A Month, Passed Away
देवास

जहरीली शराब कांड में एक और मौत:डेढ़ महीने से जिंदगी-मौत के बीच जूझ रहे राकेश ने तोड़ा दम, मृतकों की संख्या 14 – Another Death In Poisonous Liquor Case: Rakesh, Who Had Been Battling For Life For A Month, Passed Away

November 26, 2026


देवास जिले के चंदाना-बिंजाना जहरीली शराब कांड का दर्दनाक सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जहरीली शराब की चपेट में आए चंदाना निवासी 30 वर्षीय राकेश पिता कैलाश जेठीवाल की बुधवार को इंदौर के अरबिंदो अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके साथ ही इस कांड में जान गंवाने वालों की संख्या 14 हो गई है। राकेश की मौत ने एक हंसते-खेलते परिवार को गहरे संकट में डाल दिया। वे परिवार में अकेले कमाने वाले थे। अब उनके पीछे माता-पिता, पत्नी सुनीता और तीन छोटे बच्चे रह गए हैं।

बुधवार को जब राकेश का शव इंदौर से गांव पहुंचा तो घर में चीख-पुकार मच गई। पिता का शव देखते ही सात साल की माही, पांच साल की हिमांशी और तीन साल का शिवाय बिलख उठे। तीनों मासूम पिता को पुकारते हुए रोते रहे। पति को इस हालत में देखकर पत्नी सुनीता बेसुध हो गई, वहीं माता-पिता का भी रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार की यह स्थिति देखकर ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं। जिस घर में बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब मातम पसरा है।

डेढ़ महीने तक जिंदगी और मौत के बीच जूझते रहे

परिजनों के मुताबिक राकेश ने 12 अक्टूबर को शराब पी थी। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने पर इंदौर के अरबिंदो अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहरीली शराब के सेवन से उनकी आंखों की रोशनी चली गई थी। मानसिक स्थिति भी प्रभावित हो गई थी। वे परिवार के सदस्यों को पहचान नहीं पा रहे थे और ठीक से सुन भी नहीं पाते थे। करीब 10 दिन वेंटिलेटर पर रहने के बाद हालत में कुछ सुधार हुआ तो 3 नवंबर को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, लेकिन नियमित जांच और उपचार जारी रहा। 17 नवंबर को परिजन उन्हें जांच कराने और नली निकलवाने के लिए अस्पताल ले गए थे। मंगलवार 25 नवंबर को भी जांच के लिए अरबिंदो अस्पताल पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई और उपचार के बीच उन्होंने दम तोड़ दिया। करीब डेढ़ महीने तक परिवार उनकी देखभाल और इलाज में जुटा रहा। रिश्तेदार मुकेश प्रजापति ने बताया कि डॉक्टरों ने शुरुआत में ही जहरीली शराब के सेवन से राकेश की आंखों और दिमाग पर असर होने की बात कही थी। लंबे उपचार के बावजूद उनकी हालत पूरी तरह ठीक नहीं हो सकी।

ये भी पढ़ें- बातचीत बंद की तो गरबा टीचर बना हैवान: शिक्षिका को घर बुलाकर दुष्कर्म, फिर पति-पत्नी को जान से मारने की धमकी

पेंटिंग के काम से चलता था परिवार, अब तीन बच्चों के भविष्य की चिंता

राकेश पेंटिंग का काम करते थे। इसी कमाई से माता-पिता, पत्नी और बच्चों का भरण-पोषण होता था। बीमारी के बाद काम बंद हो गया और पिछले करीब दो महीने से परिवार की आय का कोई साधन नहीं रहा। रिश्तेदार रमेश प्रजापति ने बताया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इलाज के लिए लोगों से मदद लेनी पड़ रही थी। बुधवार को भी शव लाने के लिए किराए का वाहन करना पड़ा। परिजनों का कहना है कि अब तक प्रशासन की ओर से कोई आर्थिक सहायता नहीं मिली है। सोमवार को वे विधायक मनोज चौधरी से भी मिले थे। उन्होंने 50 हजार रुपये की सहायता दिलाने का आश्वासन दिया था, लेकिन परिवार के मुताबिक, अभी तक राशि नहीं मिली। शराब कांड के बाद कई बड़े नेता गांव पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर मदद का भरोसा दिलाया, लेकिन जरूरत के समय परिवार आर्थिक सहारे के लिए परेशान है। अब सुनीता के सामने तीन बच्चों की परवरिश, पढ़ाई और पूरे परिवार का खर्च चलाने की चुनौती है।

विरोध के बाद प्रशासनिक स्तर पर हुई कार्रवाई

जहरीली शराब कांड को लेकर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के बाद मामला प्रदेश स्तर पर चर्चा में आया था। इसके बाद कलेक्टर ऋतुराज सिंह और पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद को हटाया गया था। आबकारी अधिकारी को भी निलंबित किया गया। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक ने सिविल लाइन थाना प्रभारी विजय सिंह को लाइन अटैच कर उनके स्थान पर दीपक यादव को प्रभार सौंपा है।

ग्रामीणों में आक्रोश, शराब माफियाओं पर कठोर कार्रवाई की मांग

राकेश की मौत के बाद चंदाना में शोक के साथ आक्रोश भी है। ग्रामीणों का कहना है कि जहरीली शराब ने कई परिवारों को उजाड़ दिया है। उन्होंने अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने, इसमें शामिल माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने और प्रभावित परिवारों को पर्याप्त आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

चंदाना में 10 और बिंजाना में 4 लोगों की मौत

इस कांड में अब तक चंदाना के 10 और बिंजाना के चार लोगों की जान जा चुकी है। मौतों का सिलसिला 27 सितंबर को किशोर परमार की मौत के साथ शुरू हुआ था। इसके बाद अक्टूबर में लगातार लोगों की तबीयत बिगड़ी। पीडि़तों में पेट दर्द, उल्टी, घबराहट, चक्कर और आंखों की रोशनी जाने जैसे लक्षण सामने आए थे। चंदाना में हुई 10 मौतों में अब तक राकेश जेठीवाल की-25 नवंबर 7 लक्षण-उल्टी, दिखना बंद, किशोर परमार (36)-27 सितंबर 7 लक्षण-घबराहट, पेट दर्द, मोहन जारोलिया (45)-8 अक्टूबर 7 लक्षण-घबराहट, मुंह से झाग, सुनील चौधरी (35)- 10 अक्टूबर 7 लक्षण-सिरदर्द, उल्टी, बालूसिंह (70)-11 अक्टूबर 7 लक्षण- उल्टी, दिखना बंद, दिलीप उर्फ दीपक (36)-10 अक्टूबर 7 लक्षण-घबराहट, बेचैनी, जितेंद्र उर्फ राहुल (35)-15 अक्टूबर 7 लक्षण-घबराहट, पेट दर्द, लाखनसिंह तोमर (62)-12 अक्टूबर 7 लक्षण-घबराहट, बेचैनी, ओमप्रकाश (40)-15 अक्टूबर 7 लक्षण-घबराहट, बेचैनी, भीमा (55)-15 अक्टूबर 7 लक्षण-घबराहट, बेचैनी थी। बिंजाना में चार की मौत हुई जिसमें रमेश (55)-29 सितंबर 7 लक्षण -घबराहट, बेचैनी, उल्टी, निर्भय रावत (55)-12 अक्टूबर 7 लक्षण -घबराहट, बेचैनी, उल्टी, महेश (40)-14 अक्टूबर 7 लक्षण-उल्टी, घबराहट, ओमप्रकाश (45)-15 अक्टूबर 7 लक्षण-घबराहट, बेचैनी, उल्टी से कुल 14 मौंते हुई है।

एआई से तरीका खोजकर तैयार की थी नकली शराब

पुलिस जांच में सामने आया था कि मुख्य आरोपी ने एआई की मदद से नकली शराब बनाने का तरीका खोजा था। इसके लिए इंदौर के दवा बाजार से केमिकल मंगवाया जाता था। कबाड़ से पुरानी शराब की बोतलें और ढक्कन जुटाकर उनमें केमिकल से तैयार नकली शराब भरी जाती थी। इसके बाद असली शराब की पेटियों में नकली बोतलें मिलाकर स्थानीय एजेंटों के जरिए गांवों और आसपास के क्षेत्रों में सस्ते दाम पर सप्लाई की जाती थी। पुलिस अब तक मामले में 14 लोगों को आरोपी बना चुकी है, जबकि तीन आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

,

चंदन में जहरीले शराब से हुई 14वें व्यक्ति की मौत

जहरीले शराब कांड से हुई 14वें व्यक्ति की मौत

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X